
बिलासपुर (कोटा)। बरसात के मौसम में नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने और असुरक्षित गतिविधियों की रोकथाम हेतु कोरी डेम क्षेत्र में पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर “चेतना विरुद्ध नशा व प्रहार अभियान” के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कर लोगों को नदी के तेज बहाव से दूर रहने और बच्चों को पानी से बचाकर रखने की अपील की गई।
16 लोगों के विरुद्ध की गई कार्रवाई

कोरी डेम में शराब सेवन कर वाहन से स्टंट करने वाले 16 युवकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके पर इन लोगों को रोका और नियमों का उल्लंघन करने पर विधिसम्मत कार्यवाही की।
लाउडस्पीकर से मुनादी कर दी चेतावनी

कोरी डेम के आसपास स्थित गांवों में लाउडस्पीकर के माध्यम से मुनादी कर पर्यटकों और स्थानीय लोगों को चेतावनी दी गई कि वे नदी के तेज बहाव में प्रवेश न करें, बच्चों को दूर रखें और शराब सेवन कर किसी भी प्रकार की गतिविधियों से बचें।
पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका
इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती अर्चना झा (रा.पु.से.), अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उप निरीक्षक मीना ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक गोपाल प्रसाद खांडेकर, शिव कुमार साहू, चंद्रप्रकाश पांडेय एवं संपूर्ण थाना स्टाफ ने सराहनीय भूमिका निभाई।
पुलिस की अपील
कोरी डेम या अन्य जलाशयों में घूमने आए परिवारों से पुलिस ने अपील की है कि वे प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद उठाते हुए सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और नियमों का पालन करें।