Loading ...
बिलासपुरशिक्षा

“ऑपरेशन सिन्दूर” में वीरता के लिए कैप्टन डॉ. प्राची शर्मा सम्मानित

बिलासपुर। सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, व्यापार विहार, बिलासपुर में गुरुवार को एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें “ऑपरेशन सिन्दूर” के दौरान साहसिक सेवाओं के लिए कैप्टन डॉ. प्राची शर्मा को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रांगण में मां सरस्वती एवं सेंट जेवियर्स के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन और आशीर्वाद वंदना से हुई। विद्यालय के प्राचार्य  जे.एस. हुंडल ने कैप्टन डॉ. प्राची शर्मा एवं उनके पिता अनिल शर्मा का पौधा भेंट कर स्वागत किया। छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भावनात्मक और प्रेरणादायक बना दिया।

अपने संबोधन में प्राचार्य श्री हुंडल ने कहा,

> “बिलासपुर की बेटी कैप्टन डॉ. प्राची शर्मा ने ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ के अंतर्गत सांबा सेक्टर में वीरतापूर्वक सेवाएँ दीं। पहलगाम आतंकी हमले जैसी परिस्थितियों में डटी रहकर उन्होंने राष्ट्रसेवा की सच्ची मिसाल पेश की।”

इसके पश्चात कैप्टन डॉ. प्राची शर्मा ने अपने प्रेरणास्पद जीवन की झलक साझा की — चीन से एमबीबीएस करने से लेकर भारतीय सेना में मेडिकल ऑफिसर बनने तक के सफर को उन्होंने विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने बंकरों में रहकर सीमावर्ती क्षेत्रों में कार्य किया और चुनौतियों के बावजूद अपने कर्तव्यों को निभाया।

उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा:

> “हर असफलता सफलता की ओर एक कदम होती है। हमें अपना जीवन एक मास्टरपीस की तरह गढ़ना चाहिए।”

कार्यक्रम में छात्रों ने कैप्टन से सैन्य प्रशिक्षण, करियर अवसर, आवेदन प्रक्रिया और उनके स्मरणीय अनुभवों को लेकर कई प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने उत्साहपूर्वक उत्तर दिया। अंत में श्रीमती मौमिता घोष ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इस अवसर पर विद्यालय की उप-प्राचार्या श्रीमती रंजना बहादुर, सभी शिक्षकगण, छात्र-छात्राएँ एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने सभी उपस्थितों को प्रेरणा और गौरव का अनुभव कराया।