Loading ...
क्राइमबिलासपुर

वीडियो। रामसेतु पुल पर युवती ने लगाई छलांग की कोशिश, राहगीरों की सजगता से बची जान

बिलासपुर। शनिवार की देर रात अरपा नदी स्थित रामसेतु पुल पर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवती ने आत्महत्या के इरादे से छलांग लगाने की कोशिश की। पुल पर खड़ी युवती को देखकर आसपास मौजूद लोग दंग रह गए और मौके पर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला।

जानकारी के मुताबिक, युवती की पहचान संगीता बंजारे के रूप में हुई है। हालांकि, उसने आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। इसी बीच किसी राहगीर ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो गया।

घटनास्थल पर मौजूद युवकों और राहगीरों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए युवती से लगातार बातचीत की और उसे समझाने का प्रयास किया। उनकी समझाइश काम आई और आखिरकार युवती को सुरक्षित बचा लिया गया।

सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अपने संरक्षण में ले लिया। बताया जा रहा है कि युवती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, फिलहाल उसे सखी सेंटर में रखा गया है।

मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली कि समय रहते बड़ी अनहोनी टल गई। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित किया कि मुश्किल घड़ी में राहगीरों की सजगता और मानवीय पहल किसी की जिंदगी बचाने में अहम साबित हो सकती है।

वायरल वीडियो