
बिलासपुर।शहर में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे से अफरा-तफरी मच गई। सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत अरपा पार नूतन चौक स्थित, सेंट्रल लाइब्रेरी के सामने रेत से भरी तेज रफ्तार हाइवा ने एक कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार युवती मौत हो गई वही तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना रात करीब 11.20 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार क्रमांक CG 12 AU 0995 को तेज रफ्तार हाइवा क्रमांक CG 18 J 9955 ने टक्कर मार दी, जो रेत से भरी हुई थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसके दरवाजे जाम हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी। इसके बाद घायलों को डायल 112 की मदद से सिम्स अस्पताल भेजा गया।
कार में फंसी युवती को निकालने के लिए लोगों ने दूसरी गाड़ी से टोचन कर दरवाजा उखाड़ा। एम्बुलेंस के देर से पहुंचने पर मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश भी देखा गया, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
फिलहाल सभी घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।