Loading ...
क्राइमबिलासपुर

गलत जानकारी देकर जमीन बेचने का सौदा, 64 लाख की ठगी
कांग्रेस नेता समेत तीन के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

बिलासपुर।गलत जानकारी देकर जमीन बेचने का सौदा तय कर 64 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने कांग्रेस नेता समेत तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है।


पुलिस के अनुसार सदर बाजार गोडपारा निवासी पंकज भोजवानी (42) पीएम कंस्ट्रक्शन के भागीदार हैं और जमीन खरीदकर उस पर मकान निर्माण का कार्य करते हैं। वर्ष 2023 में उनकी मुलाकात टाकेश्वर पाटले के माध्यम से नागेन्द्र राय से हुई, जो एक राजनीतिक व्यक्ति है। दोनों ने श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित एक जमीन बेचने की बात कही।
इसके बाद नागेन्द्र राय और टाकेश्वर पाटले पंकज को हाईकोर्ट के पास नयापारा बोदरी निवासी हरजिंदर कौर और उसके पति ज्ञान सिंह के घर ले गए। ज्ञान सिंह ने बताया कि उसकी पत्नी हरजिंदर कौर के नाम ग्राम जुना बिलासपुर में खसरा नंबर 723/2, रकबा 0.0530 हेक्टेयर भूमि दर्ज है, जिसका सीमांकन होना बाकी है।


नागेन्द्र राय और टाकेश्वर पाटले की मध्यस्थता से तीन करोड़ रुपये में जमीन का सौदा तय हुआ। पंकज भोजवानी ने 23 फरवरी 2023 को हरजिंदर कौर के खाते में 50 लाख रुपये और कमीशन के रूप में नागेन्द्र राय के खाते में 10 लाख रुपये जमा किए। कुल 60 लाख रुपये भुगतान के बाद रजिस्ट्री कराने के लिए कहा गया, लेकिन आरोपियों ने सीमांकन का बहाना बनाकर समय टालते रहे।

बार- बार संपर्क करने के बावजूद रजिस्ट्री नहीं कराई गई। बाद में पंकज को पता चला कि उक्त जमीन का पहले ही किसी अन्य व्यक्ति से लेन-देन हो चुका है। इसके बाद पीड़ित ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में नागेन्द्र राय, टाकेश्वर पाटले और ज्ञान सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।