
बिलासपुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पचरी घाट के पास निर्माणाधीन पुल के समीप रविवार शाम करीब 7 बजे आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मारपीट की इस घटना में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित अन्य संदेहियों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सानू हुसैन (उम्र लगभग 25 वर्ष) निवासी लाइफ केयर हॉस्पिटल के पास, हटरी चौक, जूना बिलासपुर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और विधिवत कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी विकास तिवारी के बीच पुराना विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2021 में मृतक द्वारा विकास तिवारी पर जानलेवा हमला किया गया था, जिसकी एफआईआर थाना कोतवाली में दर्ज है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। बताया जा रहा है कि उस मामले में समझौते को लेकर मृतक लगातार दबाव बना रहा था।

इसी बात को लेकर रविवार शाम दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया, जो मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने हमला कर सानू हुसैन की हत्या कर दी। पुलिस ने घटना में शामिल मुख्य आरोपी विकास तिवारी एवं अन्य संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में विस्तृत जांच की जा रही है और सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर शीघ्र न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।