Loading ...
क्राइमबिलासपुर

सिम्स हॉस्पिटल परिसर से बाइक चुराने वाला गिरफ्तार, आरोपी से 5 बाइक बरामद

बिलासपुर।  सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र सिम्स अस्पताल परिसर से लगातार मोटर सायकल चोरी होने की घटनाएं घटित हो रही थी।  जिस पर कोतवाली पुलिस ने एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर सतत् निगरानी जारी रखी।

इसी दौरान 27 जनवरी को वाहन चेकिंग के दौरान दो अपचारी बालक एक एक्टिवा वाहन क्रमांक CG12-AJ-5669 को शराब के नशे में चलाते पाए गए। वाहन की जांच सशक्त एप के माध्यम से करने पर उक्त वाहन थाना सिटी कोतवाली के अपराध क्रमांक 48/26 में चोरी का होना पाया गया।

संयुक्त टीम (थाना सिटी कोतवाली, थाना सरकंडा एवं एसीसीयू) द्वारा अपचारी बालक (उम्र 17 वर्ष) को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने 15 वर्षीय साथी के साथ मिलकर सिम्स अस्पताल परिसर से कई मोटर सायकल चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों द्वारा स्वीकार की गई चोरी की वारदातें:
• एक्टिवा – CG12-AJ-5669
• पल्सर – CG10-AB-4435
• एचएफ डीलक्स – CG10-AG-3732
• हीरो होंडा पैशन प्रो – CG10-EK-3906
• एक काले रंग की एक्टिवा (बिना नंबर)

आरोपियों ने हीरो होंडा पैशन प्रो वाहन को अल्ताफ उर्फ मोमीन (उम्र 37 वर्ष), निवासी अशोक नगर मुरूम खदान खमतराई सरकंडा, बिलासपुर को मात्र 2000 रुपये में बेचना स्वीकार किया। उक्त खरीददार के विरुद्ध धारा 317(2) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्यवाही कर गिरफ्तार किया गया है।

साथ ही, आरोपियों ने एक काले रंग की एक्टिवा को नांदघाट, दामाखेड़ा टेमरी मेला क्षेत्र से चोरी करना भी स्वीकार किया है।

आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर सभी 05 मोटर सायकल जप्त कर ली गई हैं। दोनों अपचारी बालकों को विधिवत अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस की अपील

जनसाधारण से अपील है कि वाहन को सार्वजनिक स्थानों पर पार्क करते समय उचित सुरक्षा उपाय अपनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

सिटी कोतवाली पुलिस अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही हेतु प्रतिबद्ध है।