
बिलासपुर। शहर के राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर सोमवार रात करीब 9 बजे एक सुनियोजित लूट की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने ज्वेलर्स संचालक संतोष तिवारी पर हथौड़े से हमला कर उनकी मेहरून रंग की Renault कार (क्रमांक CG-10 AH 7707) लूट ली। कार में सोने-चांदी के आभूषण रखे होने की जानकारी सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संतोष तिवारी, जो पूर्व पुलिस कर्मचारी हैं, राजकिशोर नगर में “मां लक्ष्मी ज्वेलर्स” का संचालन करते हैं। वे रोज की तरह सोमवार रात लगभग 9 बजे दुकान बंद कर महावीर सिटी स्थित अपने घर के लिए निकले थे। इसी दौरान टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने उनके सिर पर हथौड़े से वार किया, जिससे वे घायल हो गए। इसके बाद बदमाश उनकी कार लेकर फरार हो गए।
घटनास्थल पर हमलावरों की एक Hero MotoCorp पैशन प्रो मोटरसाइकिल (CG-10 P 0331) और एक अन्य कार (CG-10 BJ 8147) लावारिस हालत में मिली है। पुलिस ने मौके से एक मैगजीन और कुछ जिंदा राउंड भी बरामद किए हैं, जिन्हें चलाया नहीं गया था। इससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे।
घायल संतोष तिवारी का उपचार कराया गया है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में रखे आभूषणों की कीमत लाखों रुपये में हो सकती है, हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से लूटी गई संपत्ति की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।