
बिलासपुर। शहर के नेहरू नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शख्स ने शराब के नशे में अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी पति ने पत्नी का सिर बाथरूम के पास जमीन पर पटक दिया, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार नेहरू नगर MIG-33 में किराए के मकान में रहने वाली 37 वर्षीय पुष्पलता यादव की हत्या उसके पति युवराज यादव (43 वर्ष) ने की है। युवराज यादव मूल रूप से कोटा के मोहनभाठा का रहने वाला है।
बताया जा रहा है कि घटना रविवार 8 मार्च की है। घटना से कुछ समय पहले मकान मालकिन किराएदार दंपती से घर खाली करने की बात करने आई थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया जाता है कि उस समय युवराज यादव शराब के नशे में था और उसने पत्नी से गाली-गलौज शुरू कर दी।
विवाद बढ़ने पर आरोपी युवराज ने पत्नी को घर के अंदर ले जाकर बाथरूम के पास उसका सिर जमीन पर जोर से पटक दिया। इस हमले से पुष्पलता के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी पति युवराज यादव मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
सिविल लाइन थाना प्रभारी टीआई सुम्मत साहू ने बताया कि दंपती करीब एक महीने पहले ही इस किराए के मकान में रहने आए थे। मृतका पुष्पलता मजदूरी कर घर का खर्च चलाती थी, जबकि आरोपी युवराज शराब का आदी था और अक्सर पत्नी से मारपीट करता था।
आरोपी अपनी पत्नी की हत्या के बाद से फरार हो गया था और बाहर भागने की फिराक में था। लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे कोटा क्षेत्र के मोहभाट्ठा से पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।