Loading ...
क्राइमबिलासपुर

थप्पड़ का बदला बना मौत की वजह: कोटा में 52 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर/कोटा। कोटा थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां एक थप्पड़ का बदला लेने के नाम पर 52 वर्षीय व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मोहन पांडे (52 वर्ष), निवासी करगी खुर्द कोरी पारा, हाल मुकाम गनियारी भादम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले लकड़ी चोरी के संदेह को लेकर हुए विवाद में मोहन पांडे ने आरोपी को थप्पड़ मार दिया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी।

घटना वाले दिन आरोपी राजा राम साहू (21 वर्ष) अपने साथियों के साथ मिलकर मोहन पांडे पर टूट पड़ा। आरोपियों ने लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से इतनी बेरहमी से मारपीट की कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हमले की क्रूरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पीटते-पीटते ही आरोपी उन्हें मौत के घाट उतार बैठे। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे शरद कौशिक भी हमले में घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजा राम साहू को हिरासत में ले लिया। वहीं,अन्य आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी मौके पर बुलाया गया,जहां वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

कोटा एसडीओपी नूपुर उपाध्याय ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लेने की प्रक्रिया जारी है। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।