
बिलासपुर। शहर में नकली हॉलमार्क ज्वैलरी के जरिए ठगी का मामला सामने आया है। कोतवाली क्षेत्र स्थित शुभकामना ज्वेलर्स के संचालक के साथ 1 लाख 86 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई है। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, 2 दिसंबर को उत्तम सिंह नामक एक व्यक्ति कोतवाली थाना स्थित शुभकामना ज्वेलर्स दुकान पर पहुंचा। उसने खुद को बिहार के भोजपुर का निवासी बताया और 22 कैरेट का करीब 15.500 ग्राम वजन का एक ब्रेसलेट दिखाया। इसके बदले उसने सोने की चेन और अंगूठी की मांग की।
दुकान संचालक ने ब्रेसलेट पर अंकित हॉलमार्क कोड और HUID नंबर को बीआईएस (BIS) पोर्टल पर जांचा, जहां वह ज्वैलरी प्रमाणित दिखाई दी। इसके बाद दुकानदार ने आरोपी का आधार कार्ड, पैन कार्ड और फोटो लेकर पूरी तसल्ली की और बदले में 22 कैरेट की चेन, 20 कैरेट की अंगूठी और 3,968 रुपये नकद दे दिए। कुल लेन-देन की कीमत 1 लाख 86 हजार रुपये रही।
हालांकि, 13 मार्च को जब ज्वैलरी संचालक राजेश सोनी ने उक्त ब्रेसलेट की शुद्धता की जांच बिलासपुर के अधिकृत बीआईएस हॉलमार्किंग सेंटर में करवाई, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में ब्रेसलेट महज 6 कैरेट का निकला, जबकि उसे 22 कैरेट बताकर दिया गया था। ठगी का एहसास होने पर संचालक ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी उत्तम सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की अपील:
पुलिस ने ज्वैलर्स से अपील की है कि वे ज्वैलरी की खरीद-फरोख्त के दौरान केवल हॉलमार्क और ऑनलाइन डेटा पर निर्भर न रहें, बल्कि अधिकृत जांच केंद्र से भी पुष्टि अवश्य कराएं, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।