
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पेंडरवा में बुधवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। अवैध संबंध के शक में तीन आरोपितों ने एक ही परिवार पर घर में घुसकर तलवार से हमला कर दिया। इस हमले में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि महिलाओं और बच्चों सहित सात लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, पेंडरवा निवासी सुरेश श्रीवास को अपनी पत्नी के शेख सलीम से कथित संबंधों का शक था। इसी विवाद के चलते कुछ महीने पहले दोनों के बीच तलाक हो चुका था, लेकिन रंजिश खत्म नहीं हुई। बुधवार शाम करीब 5:30 बजे सुरेश अपने बेटे सुमीत और नैतिक के साथ तलवार लेकर सलीम को खोजते हुए उसके घर पहुंचा।
सलीम के घर पर नहीं मिलने पर आरोपितों ने गुस्से में परिवार के अन्य सदस्यों पर हमला कर दिया। घर में घुसकर आरोपितों ने 65 वर्षीय मुराद बी पर तलवार से वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद जो भी सामने आया, उस पर बेरहमी से हमला किया गया। हमले में कई लोगों के हाथ, कान और नाक तक कट गए।
हैरानी की बात यह रही कि आरोपितों ने महिलाओं और पांच मासूम बच्चों को भी नहीं बख्शा और उन पर भी तलवार से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से घर में चीख-पुकार मच गई और पूरा मोहल्ला दहशत में आ गया।
घटना की सूचना मिलते ही रजनेश सिंह सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। घायलों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घायल सना परवीन ने बताया कि आरोपित गाली-गलौज करते हुए घर में घुसे और आते ही उसके माता-पिता पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पर उसे और अन्य परिजनों को भी घायल कर दिया गया।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई है, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस हमले में और कोई शामिल तो नहीं था।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपित सहित तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।