Loading ...
क्राइमबिलासपुर

बिलासपुर में ‘मैरिज ब्युरो’ के नाम पर ठगी का खुलासा, कॉल सेंटर पर पुलिस का छापा — 4 आरोपी हिरासत में


बिलासपुर | बिलासपुर पुलिस ने शादी के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह फर्जी बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के जरिए “मैरिज ब्युरो” संचालित कर लोगों को झांसा दे रहा था। पुलिस ने सरकण्डा और कोतवाली थाना क्षेत्र में संचालित कॉल सेंटरों पर छापेमारी कर 4 आरोपियों को हिरासत में लिया है।

ऐसे करते थे ठगी

जांच में सामने आया कि आरोपी शादी के इच्छुक लोगों को आकर्षक प्रस्ताव देकर अपने जाल में फंसाते थे। इसके लिए युवतियों के फर्जी प्रोफाइल बनाए जाते थे और उनसे ग्राहकों की बातचीत कराई जाती थी, ताकि भावनात्मक रूप से जोड़कर पैसे ऐंठे जा सकें।

बिहार के एक शिकायतकर्ता से विवाह के लिए उपयुक्त वधु दिलाने का झांसा देकर 10 हजार रुपये वसूले गए, लेकिन बाद में कोई सेवा नहीं दी गई। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।


बड़ी मात्रा में सामान बरामद

पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से—
10 कंप्यूटर सेटअप
70 मोबाइल फोन
20 हजार रुपये नगद
बरामद किए गए हैं।
साथ ही जांच में यह भी सामने आया कि “मैरिज ब्युरो” की आड़ में खोले गए बैंक खातों में लाखों रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ है।

पुलिस ने जिन आरोपियों  हिरासत में लिया है, उनमें—
महारथी साहु
फुलेश्वर प्रसाद श्रीवास
तरुणा उर्फ सोनु खरे
नीरा बाथम
शामिल हैं।

मामले में थाना सरकण्डा में आरोपियों के खिलाफ बी.एन. एस. की धारा 318(4) और 61(2) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इस तरह के फर्जी “मैरिज ब्युरो” सक्रिय होने की जानकारी मिली है, जिन पर नजर रखी जा रही है और जल्द ही और बड़ी कार्रवाई हो सकती है।

पुलिस की अपील:

शादी या किसी भी सेवा के नाम पर ऑनलाइन भुगतान करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें, ताकि ठगी से बचा जा सके।