बिलासपुर। व्यापारिक साझेदारी और कोल माइन निवेश के नाम पर शुरू हुए संबंध ने गंभीर आपराधिक विवाद का रूप ले लिया है। FIR में दर्ज शिकायत के अनुसार, एक महिला कारोबारी और सक्रिय राजनीतिक कार्यकर्ता ने संजय सिंह पर दुष्कर्म, अश्लील हरकतें, धमकी, मानसिक प्रताड़ना और करोड़ों रुपये के लेन-देन में धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
शिकायतकर्ता महिला ने थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया है कि वर्ष 2021-22 में संजय सिंह ने फेसबुक के माध्यम से संपर्क साधा था। कुछ परिचितों के जरिए दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। संजय सिंह ने खुद को कंस्ट्रक्शन कारोबारी बताते हुए ट्रांसपोर्ट और कोयला कारोबार से जुड़े होने की जानकारी दी। महिला के अनुसार, लंबे समय तक दोनों के बीच केवल व्यापारिक और पारिवारिक बातचीत होती रही।
रिपोर्ट के मुताबिक अगस्त 2024 में सेंट्रल पॉइंट परसदा हाईकोर्ट के पास स्थित एक होटल में पहली औपचारिक मुलाकात हुई, जहां व्यापारिक साझेदारी को लेकर चर्चा की गई। महिला का आरोप है कि विश्वास जीतने के लिए दिसंबर 2024 में M/S Shambhu Singh के खाते से 15 लाख रुपये उनके खाते में व्यापारिक सिक्योरिटी के तौर पर ट्रांसफर किए गए।
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 के बीच व्यापार और कोल माइन निवेश के नाम पर सात किश्तों में करीब 1 करोड़ 57 लाख रुपये नकद दिए गए। इसके अलावा मुनाफे के नाम पर कई अलग-अलग खातों से रकम ट्रांसफर की जाती रही। शिकायत के अनुसार, कंपनी का जीएसटी लंबित होने का हवाला देकर रकम उनके खाते में डाली जाती थी।
महिला का आरोप है कि फरवरी 2025 में जॉइंट वेंचर बनने के बाद संजय सिंह का व्यवहार बदल गया। उसने पारिवारिक नजदीकियां बढ़ानी शुरू कीं और अपनी पत्नी अनीता सिंह से भी फोन पर बातचीत करवाई। इसी दौरान व्हाट्सएप पर कथित तौर पर अश्लील भोजपुरी वीडियो भेजे जाने लगे। आपत्ति जताने पर कहा गया कि “अब आप परिवार जैसी हैं, यह सब चलता है।”
शिकायत में कहा गया है कि संजय सिंह अक्सर बिलासपुर आता था और प्रॉपर्टी निवेश के नाम पर महिला को अलग-अलग जगह बुलाता था। इसी दौरान व्यापारिक लेन-देन के नाम पर नकद रकम भी ली जाती रही।
रिपोर्ट के अनुसार, 15 सितंबर 2025 को महिला रायपुर पुराना सोना देकर नया सोना लेने गई थीं। वहीं पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स के पास संजय सिंह से मुलाकात हुई। महिला का आरोप है कि 22 लाख रुपये नकद देने के बाद दोनों की गाड़ियां बिलासपुर के लिए निकलीं। रास्ते में हल्दीराम रेस्टोरेंट के पास संजय सिंह ने उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाया और बिलासपुर पहुंचने के दौरान चलती कार में अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। विरोध के बावजूद सुनसान इलाके में कार के भीतर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने का आरोप भी शिकायत में लगाया गया है।
महिला ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद लगातार फोन कॉल कर दबाव बनाया गया। व्यापार और राजनीतिक छवि खराब करने की धमकी दी जाती रही। लोकलाज और फंसे हुए पैसों के कारण वह लंबे समय तक बातचीत करती रहीं, लेकिन बाद में दूरी बनाने लगीं।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पैसों की वापसी मांगने पर अभद्र मांगें की जाती थीं। इनोवा क्रिस्टा खरीदने के नाम पर रकम लेने और बाद में किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर थार गाड़ी भेजने का भी उल्लेख रिपोर्ट में किया गया है। महिला ने बताया कि चार महीने बाद उन्होंने वह गाड़ी वापस कर दी।
पीड़िता के अनुसार, बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भी संजय सिंह कथित तौर पर फोन कर दबाव बनाता था और बिना बताए बाहर जाने पर नाराज होकर धमकियां देता था। बाद में कोल माइन के काम के नाम पर आसनसोल और रानीगंज बुलाया गया, जहां 25 लाख रुपये नकद देने और पूजा कार्यक्रम में शामिल होने की बात शिकायत में दर्ज है।
महिला ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने बातचीत बंद कर नंबर ब्लॉक कर दिया, तब अलग-अलग नंबरों से कॉल आने लगे। फोन नहीं उठाने पर गाली-गलौज और फंसाने की धमकियां दी जाती थीं। शिकायतकर्ता के मुताबिक मानसिक तनाव और सामाजिक बदनामी के डर से उनकी तबीयत भी खराब रहने लगी।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि संजय सिंह की पत्नी अनीता सिंह भी कथित तौर पर दबाव बनाती थीं। महिला का कहना है कि उनका और संजय सिंह का कैनरा बैंक रांची में जॉइंट अकाउंट है, जिसमें अनीता सिंह नॉमिनी हैं। आरोप है कि 9 अप्रैल 2026 को अकाउंट में आए 1 करोड़ रुपये कुछ ही देर में निकाल लिए गए।
पीड़िता ने पुलिस को कई मोबाइल नंबर भी सौंपे हैं, जिनसे कथित तौर पर धमकी भरे कॉल और संदेश आते थे। फिलहाल पुलिस FIR पोर्टल में दर्ज शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।