Loading ...
Uncategorized

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव आर.संगीता ने किया बिलासपुर का दौरा

बिलासपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की नवनियुक्त सचिव श्रीमती आर.संगीता अपने पहले दौरे में बिलासपुर पहुंची। इस दौरान सचिव श्रीमती आर.संगीता ने सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक तीन घंटे तक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में नगर निगम के कार्यों कि समीक्षा की उसके बाद दोपहर 3.30 बजे से शाम 6.30 बजे तक निगम द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण किया।
 
      तारबाहर स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में नगर निगम के अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित समीक्षा बैठक में सचिव श्रीमती संगीता ने बिंदुवार योजना तथा विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में सचिव श्रीमती आर.संगीता ने कहा कि राजस्व किसी भी निकाय की आधारशिला है,इसे प्राथमिकता में रखें और शत प्रतिशत वसूली करें,पिछले वित्तीय वर्ष के बकाया राशि 15 करोड़ की वसूली के लिए उन्होंने नगर निगम को दिसंबर 2026 तक डेडलाइन दिया है। उन्होंने कहा कि नियमित और प्लेसमेंट समेत सभी कर्मचारियों का वेतन किसी भी सूरत में माह के प्रथम सप्ताह में हो जाना चाहिए।

समीक्षा के दौरान सचिव श्रीमती आर.संगीता ने विकास कार्यों के लिए जारी किए जाने वाले टेंडर प्रक्रिया की देरी पर भी अधिकारियों से सवाल पूछें,सचिव ने कहा कि टेंडर प्रक्रिया में अनावश्यक देरी ना हों और टेंडर जारी करने के बाद मियाद खत्म होते ही ठेका पाने वाले ठेकेदार से अनुबंध कर शीघ्र कार्य प्रारंभ कराएं ताकि प्रोजेक्ट में देरी ना हो। सचिव श्रीमती आर.संगीता ने टेंडर में लगने वाले अत्यधिक समय समेत अन्य पहलुओं का विश्लेषण कर प्रक्रिया को तेज गति से करने के लिए योजना तैयार करने की बात कही। निर्माणाधीन तथा अधूरे कार्यों को समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए ताकि उसका लाभ नागरिकों को मिल सकें।

सचिव श्रीमती आर.संगीता ने पीएम ई बस सेवा के तहत मिलने वाले बसों के शीघ्र पहुंचने की उम्मीद जताई तथा कोनी में निर्माणाधीन चार्जिंग स्टेशन समेत डिपो को एक महीने के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए है। मधुबन में एजुकेशन हब के प्रथम चरण के तहत बन रहे नालंदा परिसर और एकेडमिक ब्लाॅक को तेज गति से समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस प्रोजेक्ट से कई जिन्दगियां संवरेंगी।

   पीएम आवास योजना के बीएलएसी घटक के तहत अप्रारंभ आवास निर्माण को लेकर अधिकारियों से कहा कि वें हितग्राहियों से मिलकर उन्हें तत्काल कार्य शुरू कराने के लिए प्रेरित करें। निगम द्वारा नियुक्त वार्ड नोडल ऑफिसर से सचिव ने कहा कि अपने प्रभार के वार्डों को आदर्श वार्ड बनाने पर कार्य करें,जहां सड़क पानी, बिजली और सफाई उत्कृष्ट रहें,ऐसे वार्ड और नोडल ऑफिसर को सम्मानित किया जाएगा।

सचिव श्रीमती आर.संगीता ने स्वच्छता को विशेष ध्यान में रखते हुए कचरा सभी घरों से एकत्रित हों,सड़क समेत सार्वजनिक स्थान तथा सार्वजनिक सार्वजनिक शौचालय साफ रहें,इसे सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। सचिव श्रीमती आर.संगीता ने पीएम स्वनिधि,पीएम आवास,पेंशन समेत सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों को निर्बाध रूप से मिलें इसे भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।

आज बैठक में कलेक्टर  संजय अग्रवाल,निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे,सूडा सीईओ शशांक पाण्डेय,अपर संचालक श्री पुलक भट्टाचार्य,निगम के अपर आयुक्त  खजांची कुम्हार समेत सभी अधिकारी,इंजीनियर और जिले के सभी नगरीय निकायों के सीएमओ उपस्थित रहें।

कछार प्लांट,डब्ल्यूटीपी और पीएम आवास पहुंची सचिव

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव श्रीमती आर. संगीता ने समीक्षा बैठक के बाद दोपहर 3.30 बजे से निगम के प्रोजेक्ट समेत शहर का दौरा शुरू किया जो 6.30 बजे तक चला। सबसे पहले सचिव श्रीमती संगीता स्पोर्ट्स कांप्लेक्स पहुंची और वहां संचालित स्पोर्ट्स के विभिन्न एक्टिविटी को जायजा लिया। उसके बाद सचिव ने कोनी में निर्माणाधीन सिटी बस चार्जिंग स्टेशन का निरीक्षण कर एक माह के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। बस डिपो के बाजू में स्थित आकांक्षीय शौचालय को देखने पहुंची सचिव श्रीमती आर.संगीता ने शौचालय में खामियों की ओर अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जल्द सुधार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सचिव ने कछार स्थित साॅलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का भी अवलोकन किया,इस दौरान में कचरा निपटान प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए कहा कि कोई भी घर ना छूंटे सभी घरों से कचरा एकत्रित करें और जो नहीं देता उन्हें समझाएं। उसके बाद अमृत मिशन के बिरकोना स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का भी सचिव ने जायजा लिया। खमतराई स्थित पीएम आवास का सचिव श्रीमती आर.संगीता ने निरीक्षण किया इस दौरान आवास में साफ-सफाई के लिए निगम और रहवासियों को मिलकर काम करने के निर्देश दिए।

स्वच्छता दीदियों से संवाद,नारी शक्ति के ज़रिए स्वच्छता क्रांति लाने की अपील

अपने दौरे के अंतिम पड़ाव में सचिव श्रीमती आर.संगीता मोपका गौठान स्थित एसआरएलएम सेंटर पहुंची,जहां उपस्थित स्वच्छता दीदीयों से सचिव श्रीमती संगीता ने संवाद किया। इस दौरान सचिव श्रीमती संगीता ने उपस्थित स्वच्छता दीदियों से कहा कि अस्वच्छता के खिलाफ इस जंग में आपकी भूमिका महत्वपूर्ण हैं,गीला-सूखा कचरा अलग करें,शत प्रतिशत घरों से कचरा एकत्रित करें,लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करें तथा सामूहिक एकता बनाएं रखें और अपने समूह का विकास करें। सचिव ने दीदियों से कहा कि मातृ शक्तियों में अद्भुत क्षमता और योग्यता होती है इसलिए आप सभी से अपील है कि स्वच्छता में क्रांति लाए और अपने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाएं। इसके अलावा दीदियों से संवाद के दौरान कार्य में आने वाली समस्याओं पर भी चर्चा की गई। संवाद के दौरान समूह की महिलाओं ने खुद से तैयार किए गए उत्पाद सचिव श्रीमती आर संगीता को भेंट किया। इससे पूर्व सचिव श्रीमती आर संगीता ने  निर्माण शुरू नहीं या अधूरा छोड़ने वाले पीएम आवास के बीएलसी हितग्राहियों से संवाद कर काम जल्द शुरू करने की अपील की।