बिल्हा में सुशासन तिहार में मचा राजनीतिक घमासान, विधायक धरमलाल कौशिक और कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला के बीच तीखी नोकझोंक. देखिए वीडियो..!
बिलासपुर। जिले के बिल्हा विकासखंड के ग्राम गोढ़ी में आयोजित सुशासन तिहार (समाधान शिविर) के दौरान उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक और कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। विवाद बढ़ने पर कांग्रेस नेता अपने समर्थकों के साथ शिविर का बहिष्कार करते हुए बाहर निकल गए और नारेबाजी करने लगे।
जानकारी के अनुसार, समाधान शिविर में कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सवाल उठाए। इस दौरान उन्होंने सुशासन तिहार को लेकर भी सवाल खड़े किए और आरोप लगाया कि जनता की समस्याओं का वास्तविक समाधान नहीं किया जा रहा है।
विवाद उस समय और बढ़ गया जब राजेंद्र शुक्ला ने आरोप लगाया कि अधिकारियों से जवाब मांगने के दौरान उनका माइक बंद कर दिया गया। उनका कहना था कि उन्हें अपनी बात रखने से रोका गया, जिससे वे और उनके समर्थक नाराज हो गए।
मामले को लेकर विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न करना उचित नहीं है और सभी को कार्यक्रम की गरिमा बनाए रखनी चाहिए।
माइक बंद किए जाने के आरोप और दोनों नेताओं के बीच हुई बहस के बाद माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया। इसके बाद राजेंद्र शुक्ला अपने समर्थकों के साथ नारेबाजी करते हुए शिविर से बाहर निकल गए। हालांकि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद कार्यक्रम को पुनः सामान्य रूप से संचालित किया गया।
इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। भाजपा और कांग्रेस समर्थक अपने-अपने नेताओं के पक्ष में तर्क दे रहे हैं, जबकि सुशासन तिहार के दौरान हुए इस विवाद ने स्थानीय राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।