Loading ...
क्राइमबिलासपुर

शराब भट्टी के पास ऑटो चालक की गला रेतकर हत्या, गाली देने से नाराज आरोपी ने वारदात को दिया अंजाम

बिलासपुर। तोरवा क्षेत्र में स्थित शराब भट्टी परिसर में आज शाम एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। देवरीखुर्द निवासी 56 वर्षीय ऑटो चालक शिवनंदन साहू (पिता शंभू साहू) की अज्ञात बाइक सवार आरोपी ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


गाली-गलौज के विवाद में हुई हत्या


पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक विवेचना में सामने आया है कि मृतक शिवनंदन साहू शाम करीब 5:00 बजे शराब भट्टी परिसर में अपना ऑटो खड़ा कर शराब पी रहा था। इसी दौरान उसने अपने एक साथी को गाली देते हुए अपने पास बुलाया। इस बात से नाराज होकर आरोपी ने शिवनंदन के गले पर धारदार हथियार टिका दिया और जान से मारने की धमकी दी।


जब शिवनंदन ने इसका विरोध करते हुए कहा, “तू मुझे कैसे जान से मारेगा?”, तो आरोपी ने आवेश में आकर अचानक धारदार हथियार से उसके गले पर जोरदार वार कर दिया।


मौके पर ही मौत, आरोपी फरार


गंभीर वार होने के कारण अत्यधिक खून बह जाने से शिवनंदन साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी मोटरसाइकिल से तुरंत फरार हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।