भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा, छत्तीसगढ़ को पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में मिला महत्वपूर्ण स्थान. देखिए जारी सूची
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने 17 अगस्त 2026 को पार्टी के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों और राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। नई टीम में कई वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। वसुंधरा राजे सिंधिया, राम माधव, तीरथ सिंह रावत और बैजयंत जय पांडा समेत 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
13 नेता बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
भाजपा की नई सूची में वसुंधरा राजे सिंधिया और राम माधव की वापसी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में तीरथ सिंह रावत, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, सरदार मनप्रीत सिंह बादल, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, भारती प्रवीण पवार, लाल सिंह आर्य, एम. नागराजा, तारिक मंसूर और मधुकचंद्र कर को भी शामिल किया गया है।
संगठन में बीएल संतोष की जिम्मेदारी बरकरार
राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बी.एल. संतोष की जिम्मेदारी बरकरार रखी गई है। वहीं राष्ट्रीय महासचिव के रूप में स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पीयूष गोयल बने राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष
पार्टी ने केंद्रीय स्तर पर वित्तीय जिम्मेदारी भी तय कर दी है। पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष, जबकि राजेश मंगल को राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
प्रमुख मोर्चों की कमान भी तय
भाजपा ने अपने प्रमुख मोर्चों के अध्यक्षों की भी घोषणा की है। युवा मोर्चा की जिम्मेदारी डॉ. हेमंत जोशी को, महिला मोर्चा की कमान महासमुंद सांसद रूप कुमारी चौधरी को और किसान मोर्चा का अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर को बनाया गया है।
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में वरिष्ठ अनुभव के साथ क्षेत्रीय और सामाजिक प्रतिनिधित्व का संतुलन साधने की कोशिश नजर आ रही है। खास तौर पर रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने से छत्तीसगढ़ को पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण स्थान मिला है।





