ग्रेड पे 2800 से बढ़ाकर 4800 करने की मांग को लेकर, नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन ने खोला मोर्चा

बिलासपुर। बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया है। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन के बैनर तले नर्सों ने तीन दिवसीय हड़ताल शुरू की है। नर्सों की प्रमुख मांगों में ग्रेड पे 2800 से बढ़ाकर 4800 करना और नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू करना शामिल है। नर्सों का कहना है कि वे पिछले आठ से दस वर्षों से अपनी मांगों को लेकर वे लगातार आंदोलन कर रही हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से उनकी मांगें पूरी नहीं की गई हैं। नर्सिंग स्टाफ ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगी।
नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन के बैनर तले सिम्स की नर्सों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। आंदोलन कर रही नर्सों का कहना है कि वर्तमान में उन्हें 2800 रुपये ग्रेड पे दिया जा रहा है, जो अन्य राज्यों से बेहद कम है , जिसे बढ़ाकर 4800 रुपये करने की मांग लंबे समय से की जा रही है। उनका दावा है कि अन्य राज्यों में मिल रहे वेतन से उनका वेतन बेहद कम है। जिस पर शासन प्रशासन का समय समय पर अनेको बार ध्यान आकर्षित कराया गया था। उनकी यह मांगे कई वर्षों से लंबित है। इन मांगो को लेकर पहले भी कई बार आंदोलन किए गए, यहां तक कि नर्सों को जेल तक जाने की स्थिति भी बन गई थी, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। बार बार सिर्फ आश्वासन ही मिलता आ रहा है।
नर्सों ने बताया कि उनकी दूसरी प्रमुख मांग नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की है। उनका कहना है कि सिम्स में वर्ष 2016 के बाद से नियमित भर्ती नहीं हुई है और इसके बाद भर्ती किए गए कई नर्सिंग कर्मचारियों को ठेका आधार पर काम करना पड़ रहा है। चार साल का नर्सिंग डिग्री कोर्स करने के बाद भी महज 10 से 12 हजार रुपये मासिक वेतन पर काम करने की मजबूरी को उन्होंने अपने पेशे और योग्यता के साथ अन्याय बताया है। नर्सिंग स्टाफ ने फिलहाल तीन दिन की हड़ताल शुरू की है। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को अनिश्चितकालीन करने की चेतावनी दी गई है।