•बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की कल निकलेगी भव्य ‘ध्वजा यात्रा’ •यात्रा बेलेतरा विधानसभा के 48 ग्राम पंचायतों से होकर गुजरेगी, लगभग 171 किमी का होगा सफर
बिलासपुर। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में एक अनूठी और भव्य ‘ध्वजा यात्रा’ का आयोजन होने जा रहा है। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में यह यात्रा निकाली जा रही है, जो विधानसभा क्षेत्र के 64 में से 48 ग्राम पंचायतों से होकर गुजरेगी। सात दिनों तक चलने वाली इस पूरी यात्रा की कुल लंबाई लगभग 171 किलोमीटर होगी।
यात्रा का मुख्य उद्देश्य: ग्राम देवताओं का पुनरुद्धार
इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य गांवों में स्थापित प्राचीन और कुल देवताओं के स्थानों का उन्नयन करना है। वर्तमान समय में कई गांवों में देवताओं के स्थानों पर लोगों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है। इस यात्रा के माध्यम से उन स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कर स्वच्छ, सुंदर और पवित्र बनाने का संकल्प लिया गया है, ताकि हमारी संस्कृति और परंपराएं संरक्षित रह सकें।
पूरी तरह से धार्मिक आयोजन, राजनीति से दूर
विधायक सुशांत शुक्ला ने स्पष्ट किया है कि यह यात्रा पूर्णतः एक धार्मिक अनुष्ठान है, जिसमें कोई भी नागरिक अपनी श्रद्धा और भक्ति भाव से शामिल हो सकता है। इसे किसी भी प्रकार का राजनीतिक कार्यक्रम न समझा जाए। इस पूरी यात्रा के दौरान न तो कोई राजनीतिक मंच होगा, न ही किसी प्रकार के भाषण दिए जाएंगे। इसके अलावा, इस आयोजन में शासकीय राशि का उपयोग नहीं किया जा रहा है।
यात्रा का रूट चार्ट और मुख्य पड़ाव
यह यात्रा नवरात्रि के प्रथम दिन (11 अक्टूबर) से शुरू होकर सप्तमी तक चलेगी:
* पहला दिन (11 अक्टूबर): प्रातः 9 बजे रतनपुर के गिरजाबन हनुमान मंदिर में ध्वज पूजन के साथ यात्रा का आरंभ होगा। यह यात्रा खेरखुंडी, लखराम, अकलतरी होते हुए टेकरी पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा।
* दूसरा दिन: टेकरी से प्रारंभ होकर नेवस, जाली, बेलपारा होते हुए भाड़ी में समाप्त होगी, जहां रात्रि विश्राम रखा गया है।
* तीसरा दिन: भाड़ी से शुरू होकर डागनिया, सेलर, मोहरा, परसही होते हुए नगोई में यात्रा का समापन और रात्रि विश्राम होगा।
* चौथा दिन: नगोई से चलकर पोंसरा, परसदा, सेमरी, भरारी, जलसों होते हुए सेमरताल में यात्रा विश्राम करेगी।
* पाँचवा दिन: सेमरताल से आरंभ होकर गतोरी, रमतला, सेंदरी, कछार होते हुए लोफंडी पहुंचेगी।
* छठवां दिन: लोफंडी से यात्रा प्रारंभ होकर लक्ष्मणपुर, पेंडारवा से होते हुए रानीगांव में संपन्न होगी।
* सातवां/आठवां दिन: रानीगांव से यात्रा शुरू होकर मदनपुर, भरवाना मंदिर होते हुए रतनपुर महामाया मंदिर पहुंचेगी, जहां ध्वज प्रतिष्ठा और विशेष पूजा-अर्चना के साथ इस धार्मिक यात्रा का समापन किया जाएगा।
रात्रि विश्राम स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम
यात्रा के दौरान जिन-जिन गांवों में रात्रि विश्राम का ठहराव होगा, वहां स्थानीय ग्रामीणों के मनोरंजन और उत्साहवर्धन के लिए विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया है। क्षेत्र के धर्मप्रेमियों और ग्रामीणों में इस यात्रा को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है