Loading ...
क्राइमबिलासपुर

हाईटेक तरीके से नकल करने वाली दोनों लड़कियों की तस्दीक जारी, दोनों आरोपी युवतियों को तीन दिनो के लिए पुलिस ने लिया रिमांड पर।

बिलासपुर। रविवार को व्यापम द्वारा आयोजित पीडब्ल्यूडी की सब इंजीनियर पद के लिए आयोजित परीक्षा के परीक्षा केंद्र
रामदुलारे शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरकंडा ( क्रमांक 1309) में हाईटेक तरीके से नकल का एक मामला सामने आया था।

जिसमें परीक्षार्थी कु. अन्नु सूर्या, निवासी ग्राम कुपरकापा गोरिया, थाना नारायणपुर, जिला जशपुर, परीक्षा हाल में अंदरूनी वस्त्रों में हिडन कैमरा और कान में माइक्रो स्पीकर लगाए पकड़ी गई।

जांच में यह खुलासा हुआ कि परीक्षा केंद्र के बाहर उसकी छोटी बहन कु. अनुराधा वॉकी-टॉकी, टैबलेट और मोबाइल के माध्यम से प्रश्नों के उत्तर भेज रही थी। कैमरे के जरिये प्रश्न पत्र बाहर भेजे जा रहे थे और स्पीकर के जरिये उत्तर अन्नु सूर्या को सुनाए जा रही थी।

परीक्षा केंद्राध्यक्ष पी. मंडल एवं व्यापम के अधिकारियों ने महिला स्टाफ की सहायता से तलाशी कर दोनों बहनों के पास से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए। दोनों के विरुद्ध नकल प्रकरण दर्ज करते हुए थाना सरकंडा पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस कार्रवाई:


थाना सरकंडा द्वारा कु. अन्नु सूर्या एवं कु. अनुराधा के विरुद्ध धारा 318(2), 112(2), 61(2) भारतीय न्याया संहिता (BNS), धारा 72 आईटी एक्ट एवं छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2008 की धारा 03 एवं 09 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

पुलिस ने आरोपियों को लिया रिमांड में

पुलिस ने दोनों आरोपियों को 14 जुलाई को गिरफ्तार कर माननीय जेएमएफसी न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहाँ से उन्हें 16 जुलाई 2025 की दोपहर 3 बजे तक के लिए पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, जिससे पता लगाया जा सके कि इसके पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं। कही इस हाईटेक नकल प्रकरण में कोई बड़ा रैकेट शामिल तो नहीं है। पुलिस इस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जल्दी ही जांच के बाद तथ्य सामने आएंगे।