
बिलासपुर । शहर के कुछ प्रभावशाली युवकों ने कानून को ठेंगा दिखाते हुए कुछ ऐसी हरकत कर डाली, जिससे सोशल मीडिया से लेकर पुलिस महकमे तक हड़कंप मच गया।
मामला नेशनल हाईवे का है, जहां इन युवकों ने लग्जरी कारों का काफिला निकालकर ट्रैफिक नियमों का खुला उल्लंघन किया और इस ‘शक्ति प्रदर्शन’ का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई रील, पुलिस हुई सक्रिय
वीडियो में साफ देखा गया कि युवकों की तेज रफ्तार लग्जरी कारें NH पर बेखौफ दौड़ती नजर आ रही हैं। उनकी यह लापरवाही न सिर्फ सड़क सुरक्षा के लिए खतरा बनी, बल्कि अन्य राहगीरों और वाहन चालकों की जान भी जोखिम में डाल दी। जब यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुई तब जाकर पुलिस प्रशासन हरकत में आई और कार्यवाही किया।
पुलिस ने लगाया जुर्माना
6 लग्जरी कारें, ₹12,000 का जुर्माना
जांच में सामने आया कि इस रील में कुल 6 लग्जरी कारें शामिल थीं। पुलिस ने सभी वाहनों की पहचान कर, ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के लिए प्रत्येक पर ₹2,000 का चालान काटा, जिससे कुल ₹12,000 का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस की चेतावनी
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह का शक्ति प्रदर्शन न केवल गैरकानूनी है, बल्कि यह समाज में गलत संदेश भी देता है। युवाओं को इंस्टाग्राम पर व्यूज और लाइक्स के लिए कानून तोड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
“ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी,” पुलिस ने चेतावनी दी।
