
बिलासपुर। तालापारा क्षेत्र में एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने सनसनी फैला दी है। मृतका की मां ने बिलासपुर एसपी कार्यालय पहुंचकर अपनी बेटी की मौत को हत्या बताते हुए न्याय की गुहार लगाई है। महिला ने अपने दामाद मौलाना कारी बशीर और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने मिलकर उसकी बेटी की जान ली है।
बताया जा रहा है कि मौलाना कारी बशीर तालापारा में एक मदरसा का संचालन करता है और वहीं अपने परिवार के साथ रहता है। मोहल्ले के लोगों के अनुसार, मौलाना के मदरसा में काम करने वाली महिला से अवैध संबंध थे, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे।
12 जुलाई की रात भी ऐसा ही विवाद हुआ। पड़ोसियों ने महिला की चीख-पुकार सुनी और आरोप लगाया कि मौलाना और उसके भाइयों ने मिलकर गर्भवती महिला के साथ मारपीट की। बाद में उसे एक ऑटो में बैठाकर अस्पताल ले जाया गया।
मगर हैरानी की बात यह रही कि अगली सुबह मौलाना का पूरा परिवार घर से गायब मिला। जब मोहल्लेवासियों ने पड़ताल की, तो पता चला कि महिला की मौत हो चुकी थी और शव को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फराबाद ले जाकर चुपचाप दफना दिया गया।
इस पूरे मामले को लेकर मोहल्लेवालों ने 17 जुलाई को सिविल लाइन थाना में मौलाना व परिजनों की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
अब मृतका की मां ने शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह महज एक हादसा नहीं, सुनियोजित हत्या है।
वहीं, पूरे मामले में पुलिस की निष्क्रियता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। मोहल्लेवालों का कहना है कि अगर समय रहते जांच की जाती, तो शायद सच्चाई सामने आ जाती। अब यह मामला संवेदनशील मोड़ पर पहुंच चुका है और शहर में न्याय को लेकर माहौल गर्म है।
क्या बोले पुलिस अधिकारी?
इस पूरे मामले में सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह ने कहा कि आवेदक ने इसके पूर्व सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आज एसपी कार्यालय में शिकायत दी गई है। उन्होंने कहा कि शिकायत के जो भी बिंदु दिए गए है, उन सभी बिंदुओं पर जांच की जाएगी। और लोगो को बयान लिए जाएंगे।