
बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के हिर्री माइंस के पास मिले अज्ञात शव की गुत्थी को बिलासपुर पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस जांच में यह मामला पूर्व नियोजित हत्या का निकला, जिसे मृतक की पत्नी, सास और दो अन्य आरोपियों ने मिलकर अंजाम दिया था।
घटना का विवरण
दिनांक 17 जुलाई 2025 को हिर्री माइंस के पास अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। शव पर चोट के गहरे निशान थे, जिससे हत्या की आशंका पुख्ता हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (भा.पु.से.) श्री रजनेश सिंह ने तत्काल हत्या का प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए और मामला विवेचना में लिया गया।

सीसीटीवी व तकनीकी इनपुट से खुली गुत्थी
ए.सी.सी.यू. (सायबर सेल) बिलासपुर और चकरभाठा थाना की संयुक्त टीम ने घटना स्थल के आसपास के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी इनपुट एकत्र किए। जांच के आधार पर मृतक की पहचान साहिल कुमार पाटले (निवासी ग्राम मोहनपुर, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा) के रूप में हुई।
हत्या का कारण और षड्यंत्र
जांच में सामने आया कि मृतक साहिल पाटले का विवाह वर्षा खुंटे से प्रेम विवाह के रूप में हुआ था। साहिल शराब का आदी था और शराब के नशे में पत्नी को मारता-पीटता था। वर्षा ने यह बात अपनी मां सरोजनी को बताई। इसके बाद वर्षा और उसकी मां ने राजाबाबू खुंटे और विकास आदिले के साथ मिलकर साहिल की हत्या की योजना बनाई।
हत्या के एवज में 1 लाख रुपए देने की बात तय हुई थी।
सरोजनी ने एडवांस के रूप में 8 हजार रुपए आरोपी राजाबाबू को दिए।
घटना के दिन आरोपी राजाबाबू और विकास ने साहिल को पल्सर मोटरसाइकिल (सीजी 11 बीजे 1748) से हिर्री माइंस ले जाकर शराब पिलाई। नशे में होने पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी और पहचान छुपाने के लिए चेहरे पर कई बार हमला किया।
गिरफ्तारी और कार्रवाई
पूरी जांच के बाद सरोजनी खुंटे, वर्षा खुंटे, राजाबाबू खुंटे और विकास आदिले को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
जांच में शामिल पुलिस टीम
इस जघन्य हत्या का खुलासा करने में निम्नलिखित अधिकारियों और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा:
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर): श्री राजेन्द्र जायसवाल
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण एवं ए.सी.सी.यू.): श्री अनुज कुमार
उप पुलिस अधीक्षक चकरभाठा: रशमीत कौर चावला
निरीक्षक: उत्तम साहू, अजरउद्दीन
सउनि: जीवन जायसवाल
प्र. आर.: निर्मल सिंह, अमर चंद्रा, आतिश पारिक, देवमुन सिंह पुहुप आर विकास राम, नवीन एक्का, मुकेश वर्मा, प्रेम सूर्यवंशी, अविनाश कश्यप, महादेव कुजुर, रवि यादव, निखील राव जाधव, विरेंद्र गंवर्ध, अभिजीत डाहिरे, भागवत चंद्राकर, सतपुरन जांगड़े, राकेश साहू।
एसएसपी रजनेश सिंह ने टीम की सराहना करते हुए उचित पुरस्कार की घोषणा की है।