Loading ...
क्राइमबिलासपुर

ग्रामसभा में भ्रष्टाचार का खुलासा करने पर वकालत छात्र पर हमला, फिर दर्ज कर दी गई झूठी एफआईआर – निष्पक्ष जांच की मांग

बिलासपुर। ग्राम मोहतरा में आयोजित ग्रामसभा के दौरान बड़े पैमाने पर हुए भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करना एक वकालत छात्र को भारी पड़ गया। ग्राम के ही निवासी रंजेश सिंह, जो पेशे से वकालत के छात्र हैं, पर जानलेवा हमला किया गया और बाद में उन्हीं के खिलाफ गंभीर धाराओं में झूठी एफआईआर दर्ज कर दी गई। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक बिलासपुर से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

रंजेश सिंह के अनुसार, वे ग्रामसभा में अध्यक्ष के रूप में उपस्थित थे, जहाँ उन्होंने पंचायत में बीते 10–15 वर्षों से हो रहे भ्रष्टाचार के दस्तावेजों को जनता के सामने उजागर किया। उनका कहना है कि पंचायत के अधिकतर कार्यों का भुगतान एक ऐसे व्यक्ति के नाम पर हुआ, जिसकी गाँव में कोई दुकान तक नहीं है। उदाहरण के तौर पर, 49 हजार रुपये की पानी टंकी का भुगतान बिना बिल और दुकान के किया गया।

इसी तरह सामूहिक शौचालय निर्माण के लिए लगभग 8 लाख रुपये का भुगतान दर्शाया गया, जबकि वास्तव में मात्र 3.5 लाख रुपये की लागत से मनरेगा मद में शौचालय बनवाया गया था।

इन खुलासों के बाद, रंजेश सिंह का आरोप है कि ग्राम के पूर्व सरपंच एवं वर्तमान उपसरपंच इंद्रजीत क्षत्रिय, जो भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष भी हैं, ने गुस्से में आकर अपने समर्थकों के साथ मिलकर उनके कार्यालय में ही जानलेवा हमला किया। रंजेश की माँ, जो ग्राम पंचायत सदस्य हैं, ने बीच-बचाव कर किसी तरह जान बचाई।

इसके बाद रंजेश सिंह थाने पहुंचे लेकिन तीन घंटे तक उनकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। थाने से बाहर निकलते ही उन्हें फिर से 80–100 लोगों की भीड़ ने घेर लिया और हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

चौंकाने वाली बात यह है कि अगले दिन रंजेश सिंह को पता चला कि उन्हीं के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर दी गई है, जिसमें एक्टर्स सिटी जैसी संगीन धाराएं भी जोड़ी गईं। जबकि वे खुद पीड़ित हैं।

रंजेश सिंह ने बताया कि यह सब कुछ राजनीतिक दबाव और साजिश का नतीजा है, ताकि भ्रष्टाचार उजागर न हो सके और उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाकर बदनाम किया जा सके। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच की अपील की है ताकि दोषियों को सजा मिले और उन्हें न्याय मिल सके।