
बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने एक बार फिर अपनी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए गुम हुए 220 कीमती मोबाइल फोन को बरामद कर संबंधित नागरिकों को सौंपा। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग ₹50 लाख बताई जा रही है।

यह कार्य वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देश पर चलाए गए “चेतना अभियान” के अंतर्गत किया गया, जिसका उद्देश्य आम जनता को उनका खोया हुआ कीमती सामान वापस दिलाना तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना है।

🔹 अन्य राज्यों से भी मोबाइल बरामद
ACCU बिलासपुर की टीम ने छत्तीसगढ़ के साथ-साथ मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और महाराष्ट्र जैसे राज्यों से भी मोबाइल ट्रेस कर वापस लाए। जून 2024 में भी इसी प्रकार 200 से अधिक गुम मोबाइल को रिकवर कर नागरिकों को सौंपा गया था।

🗣️ जनता की खुशी, पुलिस के प्रति आभार
गुम मोबाइल वापस पाकर कई नागरिकों ने खुशी जाहिर की और इस पहल के लिए बिलासपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया। जिन लोगों ने मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, उन्हें जब उनकी अमानत लौटाई गई, तो उनके चेहरे पर खुशी और विश्वास की झलक साफ देखी गई।
🛡️ साइबर जागरूकता पर भी दिया गया जोर
कार्यक्रम के दौरान उप निरीक्षक प्रभाकर तिवारी ने उपस्थित जनसमूह को वर्तमान में हो रही साइबर ठगी जैसे – डिजिटल अरेस्ट, सेक्सटॉर्शन, फेक वॉट्सएप डीपी, बिटकॉइन फ्रॉड, फर्जी टूर प्लान, कस्टमर केयर स्कैम, ऑनलाइन लोन ऐप आदि के नए तरीकों से अवगत कराया और इससे बचाव के उपाय साझा किए।
👮♂️ ACCU टीम की सराहनीय भूमिका
मोबाइल बरामदगी अभियान में ACCU प्रभारी निरीक्षक अजहर उद्दीन के नेतृत्व में प्र.आर. आतिश पारिक, राहुल सिंह, आरक्षक राघवेंद्र साहू, प्रशांत राठौर, प्रशांत सिंह, विकास राम, मुकेश वर्मा, सतीश भारद्वाज, नवीन एक्का, और दीपक यादव समेत पूरी टीम ने अहम भूमिका निभाई।
बिलासपुर पुलिस का यह अभियान न केवल तकनीकी दक्षता का परिचायक है, बल्कि आमजन के प्रति संवेदनशीलता और सेवा-भावना का एक प्रेरणादायक उदाहरण भी प्रस्तुत करता है।