
बिलासपुर। शहर में बढ़ते अपराधों पर नकेल कसने के लिए पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। एसएसपी रजनीश सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने धारदार हथियार लेकर घूमने वाले युवकों पर बड़ी कार्रवाई की है।

रविवार को शहर के तारबाहर,सरकंडा, मोपका और सिरगिट्टी थाना क्षेत्रों से 22 युवकों को बटनदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया है । वहीं, कुड़ूदंड क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले 6 आरोपियों को शांति भंग करने के आरोप में हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्यवाही की जा रही है।

शहर में इन दिनों चाकू बाजी की घटना आम बात सी हो गई थी। अपराधी तत्व के लोग अपने पास चाकू रखकर घूमते थे और चाकू दिखाकर लोगों को डरा धमका रहे थे। वही छोटी सी कहासुनी या बात पर चाकू मार कर एक बड़ी घटना को अंजाम दे रहे थे। जिस पर लगाम कसने जिले के एसएसपी रजनीश सिंह ने शहर के सभी थानों में एक अभियान चला।कर यह बड़ी कार्यवाही की है।

इस कार्यवाही के साथ जिले की पुलिस ने यह चेतावनी भी दी है कि शहर में चाकू बेचने वाले दुकानों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। बिलासपुर पुलिस का कहना है कि शहर में किसी भी तरह की अराजकता और अशांति फैलाने वालों को किसी भी तरह से बख्शा नहीं जाएगा।


