
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना परिसर में सोमवार को अचानक हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। जानकारी के अनुसार, महिला मंजू टंडन अपने पति संजू टंडन पर की गई पुलिस कार्रवाई से नाराज़ थी और इसी आक्रोश में उसने यह कदम उठाया।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने संजू टंडन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की थी। इसी बात से नाराज होकर मंजू टंडन थाना परिसर पहुंची और वहां जमकर हंगामा करने लगी। इसी बीच उसने अचानक अपने पास रखा पेट्रोल निकालकर खुद पर डाल लिया। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए बड़ी घटना को टलने से बचा लिया।
सीएसपी सिविल लाइन निमितेष सिंह ने बताया कि मंजू टंडन के खिलाफ भी धारा 151 (शांति भंग की आशंका) के तहत कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।