Loading ...
क्राइमबिलासपुर

तेज़ रफ़्तार का कहर : देर रात कार पेड़ से टकराई, एक युवक की मौत, तीन लोग बाल-बाल बचे

बिलासपुर। देर रात तेज रफ्तार से चल रही कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कार में फंसी दो युवतियों और एक युवक को गैस कटर की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना सकरी थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम घुरू निवासी रितेश श्रीवास (32) और उसका दोस्त जय यादव (25) बुधवार रात कार (CG 10 BH 5933) से निकले थे। दोनों ने पहले शराब पी और फिर मुंगेली नाका स्थित सिंह ढाबा पहुंचे। यहां काम करने वाली उनकी परिचित सरोज राज (22), निवासी बेलतरा और रामेश्वरी मानिकपुरी (24), निवासी घुरू को कार में बैठाया।

रात करीब 2 बजे चारों लोग घूमने के लिए जंगल की ओर निकले। कार रितेश चला रहा था। उसलापुर आरओबी पार करने के बाद उसने कार की रफ्तार 100 किमी/घंटा और फिर 120 किमी/घंटा तक बढ़ा दी। जैसे ही वाहन बंद पड़े फोर्ड शोरूम के पास पहुंचा, कार अनियंत्रित होकर पहले चबूतरे और फिर पेड़ से जा टकराई।

हादसे के बाद कार में सभी फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम और स्थानीय लोगों ने बचाव शुरू किया। टीआई प्रदीप आर्या ने गैस कटर मंगवाकर कार की छत काटी और घायलों को बाहर निकाला। ड्राइवर सीट पर फंसे रितेश को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

डॉक्टरों ने जांच के बाद रितेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, कार में सवार अन्य तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।