Loading ...
क्राइमबिलासपुर

हत्या: प्रेम प्रसंग में खूनी वारदात: युवती ने प्रेमी की चाकू मारकर हत्या की, शुभम विहार कॉलोनी में फैली सनसनी

बिलासपुर। शहर के शुभम विहार कॉलोनी में बुधवार सुबह एक प्रेम प्रसंग ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। आपसी विवाद के दौरान एक युवती ने कथित रूप से अपने ही प्रेमी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कांता प्रसाद (25 वर्ष), निवासी ग्राम करा, थाना रतनपुर के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम दूज राम बताया गया है। कांता प्रसाद बिलासपुर स्थित ‘हरी चटनी’ रेस्टोरेंट में कार्यरत था। रेस्टोरेंट संचालक ने कर्मचारियों के रहने के लिए शुभम विहार कॉलोनी में एक मकान किराए पर लिया हुआ था, जहां अन्य कर्मियों के साथ वह भी रह रहा था।

मृतक युवक

बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह उसकी परिचित युवती रोशनी सूर्यवंशी, निवासी सीपत, उससे मिलने वहां पहुंची थी। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच कथित रूप से किसी अन्य लड़की से संबंध को लेकर विवाद शुरू हो गया। युवती ने युवक पर उसे मोबाइल पर ब्लॉक करने और किसी अन्य से संबंध रखने का आरोप लगाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। इसी दौरान युवती ने कथित रूप से चाकू निकालकर वार कर दिया। वार सीधे युवक के सीने में लगा, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और कांता प्रसाद ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की गई। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम संबंध और आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि हत्या की सटीक परिस्थितियों और घटनाक्रम की विस्तृत जांच जारी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस घटना के बाद शुभम विहार कॉलोनी के निवासियों में भय और स्तब्धता का माहौल है। लोग इस बात को लेकर हैरान हैं कि निजी संबंधों का विवाद इतनी बड़ी त्रासदी में कैसे बदल गया।