
बिलासपुर। हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर कर रही दो युवतियों के बैग से 24 किलो गांजा बरामद होने के मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने बड़ा खुलासा किया है। ओडिशा के केसिंगा से बिलासपुर तक गांजे की खेप लाने वाले इस अंतरराज्यीय नेटवर्क में शामिल दोनों युवतियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि कथित मास्टरमाइंड राजू दत्ता फरार हो गया है।
एनसीबी को पुख्ता सूचना मिली थी कि केसिंगा से गांजे की बड़ी खेप ट्रेन के जरिए बिलासपुर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर एनसीबी, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने वंदेभारत ट्रेन में सर्च ऑपरेशन चलाया।
जांच के दौरान दो युवतियां संदिग्ध हालत में मिलीं। तलाशी लेने पर उनके बैग से कुल 24किलो गांजा बरामद हुआमौके पर ही दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। गिरफ्तार आरोपी नीलम राठौर (23),रीना वर्मा (21) दोनों आरोपी बिलासपुर के तिफरा यदुनंदन नगर क्षेत्र की निवासी बताई जा रही हैं।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे राजू दत्ता नाम का व्यक्ति मुख्य भूमिका में था। कार्रवाई के दौरान वह ट्रेन से फरार हो गया। एजेंसियां उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।