
बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब से छत्तीसगढ़ में हेरोइन सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। तोरवा थाना पुलिस ने रेलवे स्टेशन क्षेत्र में दबिश देकर दो अंतरराज्यीय तस्करों समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 97.63 ग्राम हेरोइन, एक कार, एक स्कूटी, पांच मोबाइल फोन और नकद 57,800 रुपये जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 5.38 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सूचना मिली थी कि बाहरी राज्यों से बिलासपुर समेत छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में हेरोइन की सप्लाई की जा रही है।
12 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि तोरवा रेलवे स्टेशन के पास एक अल्टो कार क्रमांक CG 22 AB 5247 में कुछ लोग हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर निरीक्षक नीलेश पांडेय और उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। कार की तलाशी लेने पर एक बैग में बोतल के अंदर प्रतिबंधित मादक पदार्थ हेरोइन बरामद हुई।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेंद्र सिंह रंधावा और जगदीप सिंह निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई, जो बिलासपुर में हेरोइन की सप्लाई करने आए थे। वहीं खरीदार के रूप में मुंगेली निवासी शेख अल्ताफ उर्फ लल्ला, अमित कुमार डाहिरे और अवि पाठक को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21बी, 22बी और 29 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक नीलेश पांडेय, उपनिरीक्षक कमलनारायण शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक देवेंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।