Loading ...
Uncategorized

करोड़ों की मल्टीलेवल पार्किंग बेअसर, कलेक्ट्रेट परिसर और सड़क किनारे खड़ी हो रहीं गाड़ियां

बिलासपुर। शहर की पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से शासन द्वारा करोड़ों रुपये खर्च कर कलेक्ट्रेट के पास मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कराया गया था, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता और लोगों की लापरवाही के चलते यह सुविधा प्रभावी साबित नहीं हो पा रही है।

स्थिति यह है कि मल्टीलेवल पार्किंग खाली पड़ी रहती है, जबकि बड़ी संख्या में लोग अपनी गाड़ियां कलेक्ट्रेट परिसर के अंदर और सामने सड़क किनारे खड़ी कर रहे हैं। इससे न केवल नो पार्किंग नियमों का उल्लंघन हो रहा है, बल्कि कलेक्ट्रेट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

कलेक्ट्रेट परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग विभिन्न रैलियों, आंदोलनों और ज्ञापन सौंपने के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अव्यवस्थित पार्किंग के कारण सड़कें संकरी हो जाती हैं और यातायात प्रभावित होता है। कई बार जाम जैसी स्थिति भी निर्मित हो जाती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन सख्ती से नियमों का पालन कराए और लोगों को मल्टीलेवल पार्किंग का उपयोग करने के लिए जागरूक करे, तो यातायात व्यवस्था में काफी सुधार हो सकता है। फिलहाल प्रशासन की निष्क्रियता और लोगों की जागरूकता की कमी के कारण करोड़ों की पार्किंग सुविधा का लाभ शहरवासियों को नहीं मिल पा रहा है।