Loading ...
क्राइमबिलासपुर

“कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर जान लेवा हमला: इलाज के दौरान निकालनी पड़ी आंख, आईसीयू में भर्ती; आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल एसएसपी से मिले

बिलासपुर। शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना में मार्निंग वॉक के दौरान नकाबपोश बदमाशों के जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल कांग्रेस नेता श्याम कश्यप की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। रायपुर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार हमले में उनकी बाईं आंख इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी कि ऑपरेशन कर उसे निकालना पड़ा। फिलहाल वे आईसीयू में भर्ती हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, 4 जुलाई की सुबह श्याम कश्यप रोज की तरह मार्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान रेलवे क्षेत्र में पहले से घात लगाए बैठे तीन नकाबपोश हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले की गंभीरता को देखते हुए प्रारंभिक तौर पर इसे हत्या की नीयत से अंजाम दिया गया हमला माना जा रहा है। हालांकि, आसपास लोगों की आवाजाही बढ़ने पर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

हमले के बाद गंभीर रूप से घायल श्याम कश्यप को तत्काल रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत लगातार बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उन्हें रायपुर रेफर कर दिया। वहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने जांच के बाद उनकी बाईं आंख को बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन गंभीर चोट के कारण अंततः ऑपरेशन कर आंख निकालनी पड़ी।

इस घटना ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। शुक्रवार को जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा के नेतृत्व में पूर्व विधायक शैलेश पांडेय, विजय पांडेय, विजय केशरवानी, अर्जुन तिवारी, राजेश पांडेय, समीर अहमद सहित कई कांग्रेस नेताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह से मुलाकात कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि शहर के बीचों बीच इस तरह का जानलेवा हमला बेहद चिंताजनक है और इससे आम नागरिकों में भय का माहौल है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि बिलासपुर जैसे शांत शहर में एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता पर इस तरह का हमला कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। उन्होंने पुलिस से हमलावरों की जल्द पहचान कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की।

वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और एक-दो दिनों के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।