Loading ...
क्राइमबिलासपुर

जमीन संबंधी विवाद को लेकर कांग्रेसी नेता श्याम कश्यप की दी गई थी सुपाड़ी, पुलिस की कड़ी पूछताछ में मुख्य आरोपी ने की साजिश का खुलासा

बिलासपुर। बिलासपुर के तारबाहर थाना क्षेत्र में कांग्रेसी नेता श्याम कश्यप पर हुए हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तारबाहर पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने मामले के मुख्य आरोपी नवीन पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने कांग्रेसी नेता श्याम कश्यप की हत्या कराने के लिए सुपारी (पैसा) उपलब्ध कराई थी।

मॉर्निंग वॉक के दौरान हुआ था हमला

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि प्रार्थी शिशिर कश्यप ने थाना तारबाहर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 4 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6:45 बजे उनके पिता श्याम कश्यप रेलवे अस्पताल के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे तीन अज्ञात बदमाशों ने डंडे और नुकीली वस्तु से उन पर हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर, रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। एएसपी क्राइम श्रीमती मधुलिका सिंह, एएसपी (शहर) पंकज पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार (भापुसे) और डीएसपी क्राइम सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल की पहचान की।

पूर्व में तीन आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने पूर्व में ही तीन आरोपियों—नितिन टेकाम, साहिल सोनकर और एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था।
मुख्य साजिशकर्ता तक पहुंची पुलिस

पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी नवीन पटेल (38 वर्ष), निवासी मेन रोड तेलीपारा (अजीत होटल के पास, थाना सिटी कोतवाली, बिलासपुर) का नाम सामने आया। पुलिस ने घेराबंदी कर नवीन पटेल को धर दबोचा।

जमीन विवाद को लेकर हत्या की साजिश

मुख्य आरोपी नवीन पटेल का श्याम कश्यप से जमीन संबंधित पुराना विवाद चल रहा था जिससे छुटकारा पाने उन्होंने हत्या की यह साजिश रची थी ।  आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने श्याम कश्यप को जान से मारने की नीयत से दीपक तिवारी के माध्यम से पैसे उपलब्ध कराए थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 नग मोबाइल जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई में तारबाहर पुलिस और ACCU की टीम की सराहनीय भूमिका रही।