केंद्र द्वारा MSP बढ़ाने के बावजूद राज्य के किसानों को नहीं मिल रहा बढ़े हुए MSP की राशि का लाभ, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी ने सरकार से मांगा जवाब
बिलासपुर। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी (बेलतरा विधानसभा) विजय केशरवानी ने प्रेसवार्ता कर धान खरीदी और कृषक उन्नति योजना पर सरकार से कई सवाल पूछे हैं. उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में केंद्र सरकार ने सामान्य धान का MSP ₹2,183 से बढ़ाकर ₹2,441 प्रति क्विंटल किया (₹258 की वृद्धि), लेकिन ₹3,100 की घोषित दर के मुकाबले राज्य की अंतर सहायता ₹917 से घटकर ₹659 प्रति क्विंटल रह गई है.
केशरवानी ने तुलनात्मक गणना रखते हुए कहा कि यदि पुरानी अंतर सहायता दर कायम रहती, तो किसानों को प्रति एकड़ ₹5,418 का अतिरिक्त लाभ मिल सकता था. उन्होंने ₹13,839 प्रति एकड़ सहायता की पात्रता, सत्यापन और भुगतान की समय-सीमा स्पष्ट करने की मांग की.
श्री केशरवानी ने अपने सवाल को स्पष्ट करते हुए कहा कि जब केन्द्र सरकार ने पिछले 3 वर्षों में सामान्य धान का MSP राशि 2183/ रुपए से बढ़ाकर 2441/ रुपए प्रति क्विंटल कर दिया है, यानी 258 की वृद्धि कर दी है तो 3100/ रुपए प्रति क्विंटल की घोषणा कुल दर के मुकाबले राज्य की अंतर सहायता भी 917/ से घटकर 659/ रह गई?
उन्होंने कहा कि सवाल यह है कि जब MSP में बढ़ोतरी हो रही है तो उसका लाभ किसानों को क्यों नहीं मिल रहा? सरकार की बताना चाहिए कि किसानों को इस संभावित अतिरिक्त लाभ से क्यों वंचित रखा जा रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने धान खरीदी केंद्रों में दैनिक खरीदी लिमिट बढ़ाने, पर्याप्त टोकन जारी करने, निर्धारित अवधि में पात्र किसानों का पूरा धान खरीदने और मैदानी व पहाड़ी क्षेत्रों की वास्तविक उपज के अनुसार नीति बनाने की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों की समस्याओं का गंभीरता से समाधान नहीं होने पर बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में चरणबद्ध किसान आंदोलन किया जाए।