
बिलासपुर। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश के बाद अब बिलासपुर में बाहरी प्रत्याशी भिलाई विधायक देवेंद्र यादव को लोकसभा प्रत्याशी बनाए जाने का विरोध शुरू हो गया है।
यहां नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष ने कांग्रेस भवन के सामने धरने पर बैठकर आमरण अनशन शुरू कर दिया है।
कांग्रेस ने बिलासपुर लोकसभा सीट से भिलाई के विधायक देवेंद्र यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है। जिसके बाद से बिलासपुर के स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं के मन में विरोध का स्वर फूटने लगा है। सोशल मीडिया में भी देवेंद्र यादव को बाहरी बताकर तरह- तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं। लोग सवाल कर रहे है कि क्या बिलासपुर में सशक्त नेतृत्व की कमी है।
देवेंद्र यादव के नाम का विरोध करते हुए नगर पंचायत बोदरी के पूर्व अध्यक्ष जगदीश कौशिक कांग्रेस भवन के सामने धरने पर बैठ गए हैं। उन्होंने अलग-अलग स्लोगन लिखकर पोस्टर चस्पा किया है। हाथ से लिखे पोस्टर में मेरी तपस्या में क्या कमी रह गई, बिलासपुर से मुझे प्रत्याशी क्यों नहीं बनाया गया जैसे सवाल भी किए गए हैं।
कांग्रेस नेता जगदीश कौशिक का कहना है कि लोकसभा सीट से गलत प्रत्याशी चयन के खिलाफ उनका प्रदर्शन है। पार्टी हाईकमान के साथ ही प्रदेश के नेताओं ने बिलासपुर के नेताओं को नजर अंदाज क्यों किया। उन्होंने कहा कि न्याय मिलने तक उनका धरना-प्रदर्शन और आमरण अनशन जारी रहेगा