
बिलासपुर। कतियापारा क्षेत्र में एक युवक पर लाठी-डंडे और चाकू से हमला करने वाले पांच आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने महज दो घंटे में गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों का जुलूस भी उनके मोहल्ले एवं घटना स्थल पर निकाला, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था का संदेश दिया जा सके।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 मई की रात लगभग 10:30 बजे शेखर गुप्ता ऑफिस से अपने घर कतियापारा लौटा था। इसी दौरान घर के सामने खड़े कुछ युवकों को गाड़ी हटाने के लिए कहने पर कहासुनी हो गई। थोड़ी देर बाद आरोपी राहुल सिंह, मिथलेश सिंह और शुभम सोनी अपने अन्य साथियों – रोहन साहू और काव्यांशु विनोबिया – के साथ हाथों में लाठी-डंडा लेकर प्रार्थी अशोक गुप्ता के घर पहुंचे और घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि राहुल सिंह ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी।
हमले में अशोक गुप्ता और उसका पुत्र शेखर घायल हो गए, जिनका इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 281/25 धारा 333, 296, 115(3), 351(2), 3(5) BNS तथा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
आरोपियों को पुलिस ने 2 घंटे के अंदर किया गिरफ्तार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र जायसवाल और नगर पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रमोद सभद्रा के मार्गदर्शन में विशेष टीम बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। सभी पांच आरोपियों को दो घंटे के भीतर पकड़ लिया गया और पूछताछ में जुर्म स्वीकारने के बाद उनकी निशानदेही पर मारपीट में प्रयुक्त डंडे, चाकू, मोटरसाइकिल और स्कूटी जब्त की गई।
आरोपियों के विरुद्ध लगी धाराएं
अपराध क्रमांक- 281/25 धारा 333,296,115 (3),351(2),3(5) BNS 25,27 आर्म्स एक्ट के तहत आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
01 शुभम सोनी पिता श्याम सोनी उम्र 26 साल साकिन कतियापारा बिलासपुर
02- राहुल सिंह पिता जोगेन्दर सिंह उम्र 24 साल साकिन उदाई चौक कतियापारा बिलासपुर
03 मिथलेश सिंह पिता राकेश सिंह ठाकुर उम्र 25 साल साकिन उदाई चौक कतियापारा बिलासपुर
04- रोहन साहू पिता लिला साहू उम्र 19 साल साकिन उदाई चौक कतियापारा बिलासपुर
05- काब्यांशु बिनोबिया पिता राजकुमार विनोदीया उम्र 21 साल साकिन उदाई चौक कतियापारा बिलासपुर।
अपील
पुलिस आमजन से अपील करती है कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध या असामाजिक गतिविधियों की जानकारी तत्काल दें। आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।