मंत्रिमंडल विस्तार के हलचल के बीच, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल राज्यपाल से मिले

रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में पूर्व मंत्री और बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल सोमवार को राजभवन पहुंचे, जहां उन्होंने राज्यपाल रामेन डेका से करीब एक घंटे 15 मिनट तक मुलाकात की। इसे कैबिनेट विस्तार की अटकलों से जोड़ा जा रहा है। हालांकि, अमर अग्रवाल का कहना है कि मुलाकात का समय 10 दिन पहले ही तय हो गया था।

इधर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह दिल्ली रवाना हो गए हैं। माना जा रहा है कि वहां उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात होगी। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि 20 अगस्त को मंत्रिमंडल विस्तार संभव है और इस दौरान तीन नए मंत्री शपथ ले सकते हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पूरी कैबिनेट दिल्ली भी जा सकती है।

मंत्री बनने की रेस में कई बड़े नाम
नए मंत्रियों की सूची में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, कुरुद विधायक अजय चंद्राकर, दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव, अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल और आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब के नाम चर्चा में हैं।
सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन पर जोर
भाजपा संगठन सूत्रों के अनुसार, तीन नेताओं को मंत्री पद की जिम्मेदारी दी जाएगी, जिसमें सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन का खास ख्याल रखा जाएगा। अनुमान है कि एक मंत्री सामान्य वर्ग, एक अनुसूचित जनजाति और एक पिछड़ा वर्ग से चुना जा सकता है। साथ ही, बिलासपुर, सरगुजा और दुर्ग संभाग से एक-एक मंत्री बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
पुराने मंत्रियों पर असर नहीं
सूत्रों का कहना है कि मौजूदा मंत्रियों की कुर्सी सुरक्षित रहेगी और किसी का विभाग या पद नहीं बदलेगा। बीते दिनों जिन मंत्रियों लक्ष्मी राजवाड़े, दयालदास बघेल और टंकराम वर्मा को लेकर अटकलें थीं, अब वैसे संकेत नजर नहीं आ रहे हैं।
संसदीय सचिव और निगम मंडल में भी होगी नियुक्ति
अगस्त माह में ही भाजपा सरकार संसदीय सचिवों और निगम-मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति करने की तैयारी में है। इसमें नए और वरिष्ठ नेताओं का संतुलन देखने को मिलेगा। गौरतलब है कि संसदीय सचिव नियुक्त करने की परंपरा भाजपा शासनकाल में डॉ. रमन सिंह ने शुरू की थी। कांग्रेस ने इसका विरोध किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद भूपेश बघेल सरकार ने भी इसे जारी रखा था। अब साय सरकार भी इन पदों को भरने की दिशा में कदम बढ़ा रही है।