
बिलासपुर/रतनपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम भरारी में 13 वर्षीय छात्र चिन्मय सूर्यवंशी की हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है। सरस्वती शिशु मंदिर, रतनपुर में कक्षा आठवीं में पढ़ने वाला चिन्मय 31 जुलाई की शाम करीब पांच बजे घर से मोबाइल लेकर दोस्तों के साथ निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा तलाश और सूचना देने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की।

मोबाइल लोकेशन ट्रेस होने पर पुलिस ने गांव के ही 19 वर्षीय छत्रपाल सूर्यवंशी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि मोबाइल लूटने की नीयत से चिन्मय की हत्या की और शव को गांव के पुराने स्कूल भवन में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
हालांकि, परिजन और ग्रामीणों का आरोप है कि इस वारदात में और भी लोग शामिल थे, लेकिन पुलिस ने केवल एक युवक को आरोपी बनाकर मामला निपटा दिया। इसी मांग को लेकर मंगलवार को ग्रामीण और परिजन कलेक्टर और एसएसपी को ज्ञापन देने निकले, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने भरारी के पास नेशनल हाईवे पर करीब आधे घंटे तक चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद जाम समाप्त हुआ।
गांव में शोक का माहौल
गांव में मासूम की मौत से शोक का माहौल है। लोग इस जघन्य हत्या की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं। परिजन और ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों की भूमिका स्पष्ट नहीं होती, तब तक न्याय अधूरा रहेगा।
पुलिस ने निष्पक्ष जांच का दिलाया भरोसा
एसडीओपी नूपुर उपाध्याय ने बताया कि परिजनों ने आरोपी युवक के परिजनों पर भी सहआरोपी होने का आरोप लगाया है। ज्ञापन लिया गया है और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया गया है।