बिलासपुर में अवैध कॉम्पलेक्स निर्माण को लेकर कलेक्टर से शिकायत, तत्काल कार्रवाई की मांग

बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। शहर के हृदय स्थल पुराना बस स्टैंड निराला नगर क्षेत्र में कथित अवैध व्यावसायिक कॉम्पलेक्स निर्माण को लेकर कलेक्टर से शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता श्याम कश्यप ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर नगर निगम पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए अवैध अतिक्रमण हटाने और दुकानों में ताला बंदी की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, निराला नगर स्थित राजा होटल के सामने निवासी श्री शिरीष पाण्डेय, श्री गिरीश पाण्डेय एवं आशीष पाण्डेय (पिता स्व. एस.पी. पाण्डेय) द्वारा सरकारी सड़क की भूमि पर दो मंजिला व्यवसायिक कॉम्पलेक्स का निर्माण कर उसे किराये पर दे दिया गया है। आरोप है कि संबंधित भूमि से जुड़े रजिस्ट्री दस्तावेज, बी-1, डायवर्सन आदि आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं हैं, इसके बावजूद निर्माण कार्य किया गया।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि अग्रसेन चौक से श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक (पुराना बस स्टैंड) तक की सड़क की चौड़ाई लगभग 80 फीट है, जिसे कथित रूप से कम करते हुए निर्माण किया गया है। इससे क्षेत्र में प्रतिदिन जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बन रही है। साथ ही एम.ओ.एस., पार्किंग और कवरेज नियमों का भी पालन नहीं किए जाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि पिछले डेढ़ वर्ष से कलेक्टर जनदर्शन, संभागायुक्त कार्यालय एवं नगर निगम आयुक्त को लगातार शिकायत की जा रही है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा राजीनामा आवेदन निरस्त किए जाने के बावजूद अवैध निर्माण नहीं हटाया गया, जिससे निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
आवेदक ने कलेक्टर से मामले को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए अवैध कब्जा तत्काल हटाने और संबंधित दुकानों को सील करने की मांग की है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और शहर के मुख्य मार्ग पर हुए कथित अतिक्रमण पर कब तक कार्रवाई होती है।
