Loading ...
Uncategorized

राजधानी में आयोजित ‘जन- आक्रोश महिला पदयात्रा’ में लाखों महिलाएं शामिल हुई, महिलाओं के अधिकारों एवं सशक्तिकरण के प्रति बीजेपी प्रतिबद्ध: तोखन साहू

रायपुर। आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में रायपुर में आयोजित ‘जन-आक्रोश महिला पदयात्रा’ में सहभागिता कर महिलाओं के अधिकारों एवं सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

यह पदयात्रा रायपुर स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से प्रारंभ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में मातृशक्ति की सहभागिता रही। कार्यक्रम के दौरान श्री साहू ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को लोकसभा एवं विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान कर उन्हें निर्णय प्रक्रिया में सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।

उन्होंने कहा कि यह अधिनियम केवल एक विधायी प्रावधान नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी को सशक्त बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने इस विषय पर कुछ राजनीतिक दलों के विरोध पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं के अधिकारों एवं सम्मान जैसे मुद्दों पर राजनीति से ऊपर उठकर निर्णय लिया जाना चाहिए।

श्री साहू ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि देश की माताएं एवं बहनें सजग हैं और वे समय आने पर अपने अधिकारों एवं सम्मान के पक्ष में उचित निर्णय अवश्य लेंगी।

उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि महिलाओं के सम्मान, अधिकार एवं सशक्तिकरण के इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं, जिससे एक समावेशी एवं सशक्त समाज का निर्माण सुनिश्चित हो सके।