वीडियो। कांग्रेस के नेता “एक जेब में पेट्रोल और दूसरी जेब में माचिस लेकर चलते हैं।” – स्वास्थ्य मंत्री:श्याम बिहारी जायसवाल
बिलासपुर। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि कांग्रेस नेता कभी एकजुट नहीं हो सकते। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता “एक जेब में पेट्रोल और दूसरी जेब में माचिस लेकर चलते हैं।”
गुरुवार को अपने गृह जिला अंबिकापुर जाने के दौरान बिलासपुर के सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह केवल भ्रामक नैरेटिव बनाकर राजनीति कर रही है।
बिजली बिल पर जनता को गुमराह करने का आरोप
स्वास्थ्य मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस बिजली बिल के मुद्दे पर राज्य की जनता को भड़काने और गुमराह करने का काम कर रही है। उन्होंने कांग्रेस के आंतरिक कलह पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पंजाब का प्रभारी बनाया गया है, जहां उनकी ही पार्टी के लोग उनके खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। इससे साफ होता है कि कांग्रेस संगठन के भीतर भारी गुटबाजी है।
कोनी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल PPP मॉडल पर चलेगा
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बिलासपुर स्थित कोनी के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल को लेकर बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस अस्पताल को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP मॉडल) के तहत संचालित किया जाएगा।
उन्होंने जगदलपुर का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां PPP मॉडल के जरिए 8 स्पेशलिटी सेवाओं के साथ दिल के सफल ऑपरेशन किए जा रहे हैं, जिससे आम जनता का एक रुपया भी खर्च नहीं होता। बिलासपुर में भी इसी तर्ज पर जनता को नि:शुल्क और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
सर्किट हाउस में अल्प प्रवास के दौरान तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी और पूर्व महापौर किशोर राय एवं सीएमएचओ डॉ शुभा गरेवाल आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।