Loading ...
बिलासपुर

रेलवे परिक्षेत्र के 12 खोली, श्री शोलापुरी माता पूजा चौक में पूर्व पार्षद एवं बीजेपी नेता वी. रामा राव ने फहराया तिरंगा  “देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए हमें सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए : वी.रामा राव

बिलासपुर। देश के राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर श्री शोलापुरी माता पूजा चौक, बारह खोली, रेलवे स्टेशन रोड, बिलासपुर में हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।



कार्यक्रम में व्ही. रामा राव, पूर्व पार्षद, पूर्व जोन अध्यक्ष एवं कोरबा विधानसभा प्रभारी द्वारा राष्ट्रध्वज फहराया गया। उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए राष्ट्रगान का गायन किया।

इस अवसर पर श्री रामा राव ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आजादी हमें हमारे वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान से प्राप्त हुई है। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान है। यह केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत के गौरव, वीरता, त्याग और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। आज आवश्यकता है कि हम आपसी एकता और भाईचारे को मजबूत करते हुए समाज एवं राष्ट्र के विकास में अपना योगदान दें।

कार्यक्रम में उपस्थित समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी, युवा एवं नागरिकों ने देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के जयघोष से पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। सभी ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।