Loading ...
बिलासपुर

बने खाबो बने रहिबो 2.0′ : सिरगिट्टी में गंदगी के बीच बन रही थीं मिठाइयां, श्री राम स्वीट्स सील

बिलासपुर। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने ‘बने खाबो बने रहिबो 2.0’ अभियान के तहत मिलावटखोरों और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने सिरगिट्टी स्थित ‘श्री राम स्वीट्स’ पर दबिश देकर कड़ा एक्शन लिया। निरीक्षण के दौरान दुकान में भारी गंदगी, अनहाइजेनिक परिस्थितियां और खाद्य सुरक्षा नियमों का खुला उल्लंघन पाया गया। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विभाग ने दुकान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर प्रतिष्ठान को बंद करा दिया है।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने मौके पर अस्वास्थ्यकर माहौल में तैयार की गई लगभग 15 किलोग्राम बर्फी को तत्काल नष्ट करवा दिया। इसके साथ ही गुणवत्ता की जांच के लिए पेड़ा का नमूना लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। अभियान के तहत केवल इसी दुकान पर नहीं, बल्कि क्षेत्र के अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर भी जांच की गई, जहाँ से 2 किलोग्राम घी का सैंपल लेकर लैब भेजा गया है।


खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लैब से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों पर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के संबंध में खाद्य अधिकारी देवांगन ने बताया कि आम जनता की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने सभी खाद्य कारोबारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि वे खाद्य सुरक्षा के नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें और दुकानों में साफ-सफाई व हाइजीन का विशेष ध्यान रखें, अन्यथा कठोर दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे।