Loading ...
बिलासपुर

थाने में रिपोर्ट के 17 दिन बाद भी 53 वर्षीय गौतम दास का सुराग नहीं, पत्नी ने एसएसपी से लगाई मदद की गुहार

बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से 53 वर्षीय व्यक्ति के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के 17 दिन बाद भी पुलिस अब तक लापता व्यक्ति की आखिरी लोकेशन का पता नहीं लगा पाई है। पति की तलाश को लेकर चिंतित पत्नी ने अब जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह से शिकायत कर तत्काल खोजबीन कराने की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार गौतम दास, उम्र 53 वर्ष, पिता नंदूलाल दास, भारतीय नगर स्थित किराये के मकान में रहते थे। उनकी पत्नी प्रतिमा दास के मुताबिक, 1 अगस्त 2026 की सुबह करीब 7 बजे गौतम दास बिना बताए घर से कहीं चले गए। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों, परिचितों और रिश्तेदारों से भी जानकारी ली गई, लेकिन गौतम दास का कोई पता नहीं चल सका।

इसके बाद उनकी पत्नी प्रतिमा दास ने 3 अगस्त 2026 की रात करीब 10:20 बजे सिविल लाइन थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मामले में गुम इंसान पंजीबद्ध किया गया है।

17 दिन बीतने के बाद भी नहीं मिला सुराग

प्रतिमा दास का कहना है कि पति के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद अब 17 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक उनके पति के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। उनका आरोप है कि पुलिस उनके पति की आखिरी लोकेशन तक ट्रेस नहीं कर पाई है, जिससे परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।

अनहोनी की आशंका से परिवार चिंतित

गौतम दास के अचानक लापता होने से परिवार के लोग किसी अनहोनी की आशंका को लेकर चिंतित हैं। पत्नी प्रतिमा दास ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को ज्ञापन सौंपकर मामले में गंभीरता से जांच कराने और उनके पति की तत्काल तलाश कर सुरक्षित वापस लाने की मांग की है।

परिजनों ने पुलिस से गौतम दास के मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी आखिरी लोकेशन का पता लगाने तथा संभावित स्थानों पर तलाश तेज करने की भी मांग की है।