
रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में NSUI की नई नियुक्तियों को लेकर चल रही सियासी हलचल के बीच फिलहाल बड़ा अपडेट सामने आया है। युवा कांग्रेस चुनाव के बीच चुनावी समीकरण बिठाने की गई नई नियुक्तियों को लेकर खबरें सामने आने के बाद NSUI की नई नियुक्तियों पर फिलहाल रोक लगा दी गई है।
NSUI छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पाण्डेय की ओर से 23 अगस्त 2026 को जारी पत्र में कहा गया है कि 20 अगस्त 2026 को विधानसभा एवं जिला अध्यक्षों की नियुक्तियों को वर्तमान में छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए राष्ट्रीय कार्यालय से चर्चा अनुसार होल्ड पर रखा जाता है।
इस पत्र के सामने आने के बाद स्पष्ट हो गया है कि हाल ही में की गई विधानसभा एवं जिला अध्यक्षों की नियुक्तियों को लेकर फिलहाल आगे की प्रक्रिया रोक दी गई है। माना जा रहा है कि युवा कांग्रेस चुनाव को देखते हुए संगठन स्तर पर नियुक्तियों को लेकर पुनर्विचार किया जा रहा है।
नियुक्तियों को लेकर बढ़ी थी चर्चा
20 अगस्त को NSUI में विधानसभा और जिला अध्यक्षों की नियुक्तियों की घोषणा के बाद संगठन के भीतर और राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा तेज हो गई थी। मीडिया में भी नियुक्तियों को लेकर खबरें प्रकाशित हुईं। इसके बाद अब संगठन ने इन नियुक्तियों को फिलहाल होल्ड पर रखने का निर्णय लिया है।
अब देखना होगा कि युवा कांग्रेस चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन नियुक्तियों को हरी झंडी मिलती है या संगठन नए सिरे से नियुक्तियों को लेकर कोई फैसला करता है।
