आजादी के 75 वें वर्षगांठ के मौके पर आगामी 13 से 15 अगस्त तक घर-घर में सम्मान पूर्वक फहराया जायेगा तिरंगा

बिलासपुर : इस साल आजादी के 75 वें वर्षगांठ के मौके पर ’आजादी का अमृत महोत्सव’ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में हर नागरिक के मन में राष्ट्र और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और बढ़ाने के लिए ’हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम ज़िले में भी आगामी 13 से 15 अगस्त तक मनाया जा रहा है।
कलेक्टर श्री सौरभ कुमार ने आज इस संबंध में आयोजित बैठक में मातृभूमि के प्रति कृतज्ञता और राष्ट्रीयता की भावना को संवर्धित करने तिरंगा हर घर, शासकीय, अर्धशासकीय और निजी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, व्यवसायिक- वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, गैर सरकारी संगठनों के कार्यालयों में भी सम्मान के साथ फहराने के लिए सभी को प्रोत्साहित करने पर बल दिया। साथ ही इसमें ज़िले के सार्वजनिक उपक्रम, स्व सहायता समूह, सामाजिक संगठनों के सभी लोगों, परिवारजनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।
उन्होंने ’हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के दौरान यह सुनिश्चित करने कहा कि तिरंगा झंडा कटा-फटा ना हो। बताया गया है कि सरकार ने देश की झंडा संहिता में बदलाव किया है, इसके तहत अब तिरंगा दिन और रात दोनों समय फहराए जाने की अनुमति रहेगी। साथ ही अब पॉलिएस्टर और मशीन से बने राष्ट्रीय ध्वज का भी उपयोग किया जा सकता है।