बीएड में प्रवेश हेतु डी.पी.विप्र शिक्षा महाविद्यालय ने छात्रों से मांगी लाखो रुपए, एनएसयूआई ने कुलपति का किया घेराव

बिलासपुर : डी.पी.विप्र शिक्षा महाविद्यालय कोनी बिलासपुर द्वारा छात्रों से द्विवर्षीय बीएड पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु लाखों रुपये की मांग करने की शिकायत पर कार्यवाही करने हेतु अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य अरुण दिवाकर नाथ वाजपेयी का घेराव करते हुए एनएसयूआई के द्वारा ज्ञापन सौंपा गया।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के कुलपति से मुलाकात कर डीपी विप्र शिक्षा महाविद्यालय कोनी के द्वारा द्विवर्षीय बीएड पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु छात्र/ छात्राओं से लाखों रुपए की मांग करने के मामले की शिकायत की गई है।
शिकायत में कहा गया कि छात्र/ छात्राओ के द्वारा कोनी थाना में लिखित रूप से शिकायत दर्ज कराई गई है एवं रंजीत सिंह द्वारा भी उक्त महाविद्यालय के प्राचार्य को इस संबंध में फोन के माध्यम से सूचना देकर कार्रवाई करने की बात कही गई थी परंतु महाविद्यालय प्रशासन द्वारा अभी तक इस मामले को संज्ञान में लेकर कोई कार्यवाही नहीं की गई।
जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह के अनुसार महाविद्यालय के स्टाफ आलोक दुबे द्वारा प्रवेश हेतु एजेंट बनाए गए हैं जो विद्यार्थियों से B.Ed पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु लाखों रुपए की वसूली कर महाविद्यालय में प्रवेश दिलाने का काम करते हैं, रंजीत सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि उक्त महाविद्यालय द्वारा द्विवर्षीय बीएड पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु लाखों रुपए की वसूली कर आर्थिक लाभ अर्जित कर मनमाने ढंग से प्रवेश दिया गया है,एनएसयूआई की मांग है कि उक्त B.Ed कॉलेज (डीपी विप्र शिक्षा महाविद्यालय कोनी बिलासपुर) में बीएड. संकाय में प्रवेशित समस्त छात्र छात्राओं की सूची एवं दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कर महाविद्यालय के ऊपर कड़ी कार्यवाही किया जावे।
साथ ही एनएसयूआई का कहना है कि विश्वविद्यालय से सम्बद्ध अधिकांश B.Ed महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए डोनेशन के रूप में छात्र-छात्राओं से लाखों रुपए वसूल कर प्रवेश दिलाया जाता है इस विषय को गंभीरता से लेते हुए कार्यवाही किया जावे।
एनएसयूआई अध्यक्ष रंजीत सिंह ने कहा है कि एक सप्ताह के भीतर इस विषय को गंभीरता से लेकर कोई उचित कार्यवाही नही की जाती तो भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा ।
इस दौरान एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह, एनएसयूआई प्रदेश सचिव लोकेश नायक, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष पुष्पराज साहू, पूर्व जिला महासचिव प्रदीप सिंह, ऋषि पटेल, सुबोध नायक, सुमित शुक्ला, विपिन साहू, डेकेश चन्द्रा, उमेश चन्द्रवंशी, केशु पाण्डेय,योगेश साहू, शिवम पटेल, कामेश पटेल, भानु कुर्रे, आदित्यंश शुक्ला, अवनिश पांडेय,अमन गुप्ता, मयंक विश्वकर्मा आदि एनएसयूआई के सदस्यगण उपस्थित रहे।