
बिलासपुर। अवैध रेत उत्खनन से बने गड्ढों से एक बार फिर दो बालक हादसे के शिकार हो गए जिनकी गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार सरकंडा क्षेत्र के बहतराई -बिजौर के बीच मुरुम खदान में डूबकर टिकरापारा व लिंगियाडीह में रहने वाले दो बच्चों की मौत हो गई है।
रविवार की शाम टिकरापारा में रहने वाले रवि अहिरवार का 12 वर्षीय बेटा अभिषेक आपने रिश्तेदार के घर लिंगियाडीह घूमने आया था। जहा से वह दिलीप अहिरवार के बेटे ईशान (12) के साथ घूमने के लिए निकला था। इसके बाद परिजन को खबर मिली कि दोनों बालक बहतराई और बिजौर के बीच मुरुम खदान में डूब गए हैं।
इस पर परिजन आनन-फानन में वहां पहुंचे। उन्होंने गहरे पानी से दोनों बच्चों को बाहर निकाला। दोनों बच्चों को परिजन सिम्स लेकर गए। अस्पताल में जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की सूचना पर सरकंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सोमवार की सुबह शव का पीएम कराया जाएगा। साथ ही परिजनों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली जाएगी।